उत्तर प्रदेश में बदमाशों ने छेड़खानी के खिलाफ शिकायत करने पर पिता को गोली मार दी। घटना हाथरस जिले की है। बताया जा रहा है कि हाथरस के रहने वाले एक शख्स ने गौरव शर्मा नाम के एक युवक पर अपनी बेटी से छेड़खानी करने का आऱोप लगाया था। इस संबंध में उन्होंने जुलाई 2018 में थाने में अपनी शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप है कि सोमवार (1 मार्च, 2021) को गौरव शर्मा और उसके 3 अन्य साथियों ने मिलकर लड़की के पिता को गोली मार दी। इस गोलीकांड में पीड़ित लड़की के पिता की मौत हो गई।
इस हत्याकांड के बाद पुलिस महकमे में खलबली मच गई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अब इस मामले में कड़ी कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। सीएम योगी आदित्यनाथ ने इस मामले में अधिकारियों को कड़ी कार्रवाई करने का आदेश दिया है। इसके अलावा उन्होंने सभी आरोपियों पर National Security Act लगाने का निर्देश भी अधिकारियों को दिया है। मुख्यमंत्री कार्यालय ने इस बात की जानकारी दी है।
इस मामले में कुल 4 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने अब तक 2 आरोपियों को गिरफ्तार भी कर लिया है। यहां के पुलिस अधीक्षक विनित जायसवाल ने कहा कि ‘सोमवार की शाम करीब 4 बजे गौरव शर्मा और उसके साथियों ने मिलकर लड़की के पिता को गोली मार दी। वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और जरुरी जांच-पड़ताल की गई है…
जांच के दौरान यह सामने आया है कि गौरव शर्मा की पत्नी और उसकी चाची मंदिर गई थीं। वहां पीड़िता और उसकी बहन भी आई हुई थीं। पुराने मामले को लेकर गौरव की मां और चाची के साथ दोनों बच्चियों की बहस हो गई। गौरव शर्मा पहले भी जेल जा चुका है और करीब एक महीने पहले ही जेल से बाहर आया था। दोनों परिवारों के बीच पुरानी दुश्मनी थी।’
पुलिस ने यह भी जानकारी दी है कि मामले के अन्य आरोपियों को पकड़ने की कोशिशें जारी है और जल्द ही उन्हें पकड़ लिया जाएगा।