Fatehpur News: उत्तर प्रदेश के फतेहपुर से चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां पुलिस ने मुराद अली नाम के शख्स को हिंदू महिलाओं को धोखा देकर शादी करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। शख्स पर शादी कर महिला की संपत्ति हड़पने का भी आरोप है।

हिंदू शख्स बनकर कर ली शादी

घटना कोतवाली थाना क्षेत्र की है। पुलिस ने बताया कि बीते दिनों एक रोती बिलखती महिला थाने पहुंची और
मुराद अली के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। महिला ने बताया कि आरोपी ने पप्पू सिंह बनकर उससे शादी कर ली। अब वो उसे प्रताड़ित करता है। उसने उसकी संपत्ति भी हड़प ली है।

आरोपी जो मूल रूप से सुल्तानपुर घोष थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर गौंती का रहने वाला है ने अपनी पहचान हिंदू के तौर पर बताई थी। पीड़िता अपने पति की मौत के बाद आरोपी के संपर्क में आई थी। तभी उसने अपनी पहचान पप्पू सिंह के तौर पर दी थी।

आरोपी का व्यवहार काफी अच्छा था

महिला के अनुसार शुरुआत में आरोपी का व्यवहार काफी अच्छा था और वो इसी कारण उससे प्रेम करने लगी। फिर दोनों ने शादी कर ली। हालांकि, शादी के कई दिनों बाद उसे जानकारी हुई कि उसका पति पप्पू सिंह नहीं मुराद अली है।

पीड़िता ने पुलिस को बताया कि मुराद जिसके अन्य महिलाओं से भी अवैध संबंध हैं वो उसे प्रताड़ित करता था। वो उसके जेवरात भी हड़प चुका है। अवैध संबंध का विरोध करने पर वो उसके साथ मारपीट भी करता था। महिला के अनुसार उसने एक और हिंदू महिला से भी शादी की है।

सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज

पीड़िता के अनुसार आरोपी साऊदी अरब में काम करता है और उसके कई हिंदू महिलाओं से संबंध हैं। इधर, पूरे मामले में सदर कोतवाल तारकेश्वर राय ने कहा कि बीएनएस की सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पीड़िता और मुराद अली उर्फ पप्पू सिंह की 20 साल पहले शादी हुई थी। जांच के बाद पूरी कार्रवाई की जाएगी।