उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म कर वीडियो बनाने की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। मुजफ्फरनगर जिले के चरथवाल पुलिस थाना क्षेत्र में व्यक्ति ने एक नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म किया और इस कृत्य का वीडियो बनाकर ऑनलाइन पोस्ट कर दिया। पुलिस के एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।

पुलिस क्षेत्राधिकारी राजकुमार साव ने बताया कि वसीम नाम के एक व्यक्ति ने 16 वर्षीय लड़की के साथ दुष्कर्म किया और उसका वीडियो बनाकर ऑनलाइन पोस्ट किया। उन्होंने बताया कि पुलिस ने पीड़िता के परिजनों की तहरीर पर आरोपी व्यक्ति के खिलाफ मंगलवार शाम भारतीय दंड संहिता (IPC) और सूचना प्रौद्येागिकी (IT) अधिनियम की धाराओं के तहत FIR दर्ज की है।

रेप कर बनाया वीडियो

शिकायत के मुताबिक, यह घटना करीब दो सप्ताह पहले उस समय की है जब लड़की किसी काम से खेत में गई थी। इसमें कहा गया है कि आरोपी पीड़िता को जबरदस्ती गन्ने के खेत में ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया। शिकायत के अनुसार आरोपी ने इस घटना का वीडियो बनाकर पीड़िता को इस घटना की जानकारी किसी को देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी। उन्होंने कहा कि इस धमकी के डर से लड़की ने इस घटना के बारे में किसी से शिकायत नहीं की।

सोशल मीडिया पर शेयर किया वीडियो

जब वसीम ने यह वीडियो वायरल कर दिया तो लड़की के परिजनों ने पुलिस से संपर्क किया। सोशल मीडिया पर अश्लील वीडियो वायरल होने के बाद पीड़िता ने पूरी घटना मां को बताई। पुलिस ने वसीम का पता लगाने और उसे गिरफ्तार करने के लिए कई टीमें गठित की हैं। वसीम फिलहाल फरार है।

मुरादनगर में नाबालिग के साथ पड़ोसी की हैवानियत

वहीं, यूपी के मुरादनगर में एक 13 वर्षीय छात्रा के साथ पड़ोसी द्वारा हैवानियत की घटना सामने आई है। तबीयत खराब होने पर जब परिवारवालों ने छात्रा को अस्पताल में भर्ती कराया जो उसके गर्भवती होने का पता चला। आरोपी पड़ोसी पिछले तीन महीने से हत्या की धमकी देकर दुष्कर्म कर रहा था। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को पकड़ लिया है। छात्रा का अस्पताल में उपचार चल रहा है।

जानकारी के मुताबिक, 13 वर्षीय पीड़िता कक्षा छह की छात्रा हैं। वह अपने पिता के साथ रहती है। पिछले कुछ दिनों से छात्रा की तबीयत खराब थी। उसके पेट में दर्द था। डॉक्टर को दिखाने पर भी आराम नहीं मिल रहा था। रविवार को अचानक वह बेहोश होकर गिर पड़ी। पिता घबराकर अस्पताल लेकर पहुंचे तो वहां जांच में पता चला कि छात्रा गर्भवती है।

पिता ने इस बारे में जब छात्रा से पूछा तो उसने रोते हुए बताया कि पड़ोसी ने तीन महीने पहले घर में आकर दुष्कर्म किया था। आरोपी ने धमकी दी थी कि अगर किसी से इस बारे में बताया तो पूरे परिवार को जान से मार देगा। इसके बाद जब भी पिता ड्यूटी जाते तो आरोपी घर आता। यहां उनके साथ दुष्कर्म करता। मना करने पर उसे कई बार पीटा भी।