लखनऊ: उत्तर प्रदेश के शामली जिले में एक बंदर को एक विशेष समुदाय के युवक ने गोली मार दी। गोली लगने से बंदर गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसके बाद बंदर को अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इसकी सूचना मिलने पर पहुंचे बजरंग दल के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने जमकर हंगामा किया। यह घटना शामली जिले के झिंझाना थाना क्षेत्र गांव अब्दाल नगर की है।
दोनाली बंदूक से बंदर को मारी गोली: दरअसल गांव अब्दाल नगर में कुछ बंदर उछलकूद कर रहे थे। इस दौरान एक बंदर आरोपी हफीज के घर पर जाकर उछलकूद करने लगा। जिससे गुस्साए आरोपी हफीज ने घर में पड़ी दोनाली बंदूक से बंदर पर गोली चला दी। गोली लगने से बंदर बुरी तरह से घायल हो गया। इसकी सूचना गांव वालों ने पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंच बंदर को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। इलाज के दौरान ही बंदर की मौत हो गई।
बजरंग के कार्यकर्तागांव किया हंगामा: जब इसकी सूचना स्थानीय बंजरग दल कार्यकर्ताओं को हुई तो वह गांव में पहुंचकर हंगामा करने लगे। समय रहते ही पुलिस मौके पर पहुंच मामले को शांत करा दिया। आरोपी हफीज को बंदूक सहित अपने हिरासत में ले लिया। हालांकि अभी गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है, जिसे देखते हुए प्रशासन ने गांव में पुलिस बल तैनात कर दिए है। गौरतलब है कि बंदर को हिंदू अपनी धर्म की मान्यता के अनुसार उन्हें भगवान हनुमान का रूप मानते हैं। जिसके वजह से दो धर्मों के बीच संघर्ष का माहौल पैदा हो गया है।
बता दें कि पिछले कुछ सालों से यूपी में दो समुदायों के बीच अक्सर संघर्ष का माहौल देखा जा रहा है। पिछले बुलंदशहर में कथित तौर पर गोमांस खेतों में मिलने के बाद 2 समुदाय के लोग भिड़ गए थे। इस घटना में पुलिस इंस्पेक्टर सुबोध कुमार की मौत हो गई थी।