उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ से पुलिस ने AMU के छात्र नेता फरहान जुबैरी को गिरफ्तार किया है। हाल ही में अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी के आवासीय हॉल में हिंदू युवक को पीटने का मामला सामने आया था। इसी मामले में फरहान जुबैरी फरार था। छात्र नेता की गिरफ्तारी के बाद एएमयू में प्रदर्शनकारी छात्रों ने हंगामा किया और परिसर के दो मुख्य प्रवेश द्वारों को ब्लॉक कर दिया।

फरहान पर साल 2017 से अब तक गंभीर धाराओं में 14 मुकदमे दर्ज हैं। हिंदू युवक की एएमयू में पिटाई के मामले में अब तक छह आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं। इस मामले में सातवीं गिरफ्तारी फरहान की हुई है। फरहान को सिविल लाइन थाना पुलिस ने पकड़ा है।

मामले में अब तक 7 गिरफ्तार

पुलिस ने बताया कि छात्र फरहान जुबैरी को पिछले 26 जुलाई को हुई हिंसा की एक घटना के सिलसिले में गैर जमानती वारंट के तहत शुक्रवार को गिरफ्तार किया गया। इस घटना में सात लोगों को नामजद किया गया था और छह की पहले ही गिरफ्तारी हो चुकी है। पुलिस ने बताया कि जुबैरी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 147, 148 और 153 A सहित कई अन्य मामले दर्ज थे।

सिविल लाइंस के सीओ अशोक सिंह ने बताया कि जुबैरी को शुक्रवार को सड़क किनारे वाहनों की जांच के दौरान पुरानी चुंगी क्रॉसिंग के पास से गिरफ्तार किया गया और विधिक प्रक्रिया पूरी कर उसे जेल भेज दिया गया। उन्होंने बताया कि पुलिस ने कल शाम एक अन्य छात्र नेता ज़ैद शेरवानी को भी हिरासत में लिया था जो एक अन्य मामले में वांटेड था, लेकिन कुछ समय बाद उसे छोड़ दिया गया।

AMU के आसपास कड़ी सुरक्षा

इन घटनाओं की खबर फैलते ही छात्रों का एक बड़ा समूह परिसर से सटे दोनों स्थानों पर एकत्र हो गया। इस बीच सुरक्षा उपाय के तौर पर परिसर और उसके आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। एएमयू के प्रॉक्टर मोहम्मद वसीम ने बताया कि जुबैरी रिसर्च स्कॉलर है और सुलेमान हॉल का निवासी है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय के दोनों मुख्य द्वारों को फिर से खोलने का प्रयास किये जा रहे हैं।

मोहम्मद वसीम ने बताया कि आज शाम परिसर में एक प्रतिष्ठित अखिल भारतीय मुशायरा होने वाला है। इस समारोह में देश के विभिन्न हिस्सों से प्रमुख उर्दू कवियों के शामिल होने की उम्मीद है। वसीम ने कहा कि प्रदर्शनकारियों ने हालांकि विश्वविद्यालय अधिकारियों को आश्वासन दिया है कि मेहमानों और प्रतिभागियों को परिसर में प्रवेश करने से नहीं रोका जाएगा। उन्होंने कहा कि समारोह निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आयोजित किया जाएगा। वसीम ने कहा कि परिसर में एक वैकल्पिक प्रवेश द्वार से आवाजाही हो रही है और कक्षाएं चल रही हैं।