उत्तर प्रदेश के आगरा में कथित तौर पर पत्नी और ससुराल वालों से दुखी होकर एक शख्स ने आत्महत्या कर ली। शख्स की पहचान एसएन मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में काम करने वाले 32 साल के वार्ड बॉय आजीत सिंह के रूप में हुई है। आत्महत्या से पहले शख्स ने अपने फोन पर अपनी पत्नी को दोषी ठहराते हुए एक वीडियो बनाया। उन्होंने वीडियो में अपनी सास और साले पर भी आरोप लगाया है।

शख्स ने सुसाइड नोट के साथ अपनी पत्नी के लिए ‘आई लव यू’ नोट भी छोड़ा है। इंडिया टुडे की रिपोर्ट के अनुसार सूत्रों ने बताया कि झगड़े के बाद उस शख्स की पत्नी अपने माता-पिता के घर चली गई और उसने वापस आने से भी इनकार कर दिया था।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि अजीत सिंह की पत्नी अंजलि देवी, उनकी मां सुनीता देवी, पिता हाकिम सिंह और भाई अंशू पर अजीत सिंह के परिवार की शिकायत के आधार पर आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया गया है।

अजीत के परिजनों ने बताया कि अजीत और अंजली की शादी साल 2016 में हुई थी। हालांकि, शादी के एक साल बाद ही दोनों अलग-अलग रहने लगे थे। इसके अलावा, अजीत को लगा कि उसकी पत्नी का विवाहेतर संबंध है, जिसके कारण उसने उसका फोन अपने पास रख लिया था।

इस कारण अंजलि ने अपने पति के खिलाफ केस भी दर्ज कराया था, जिसके बाद वो अपने माता-पिता के साथ रहने लगी थी। हालांकि बीते दिनों अजीत उसे समझा कर वापस अपने साथ लाने के लिए गया था। कथित तौर पर इस दौरान पत्नी और उसके परिवार द्वारा अपमानित किए जाने के बाद उसने आत्महत्या कर ली। पुलिस अधिकारी ने कहा कि आगे की जांच चल रही है.

फॉर मेन इंडिया ने अपने एक्स अकाउंट से अजीत का सुसाइड वीडियो शेयर किया है। वीडियो में वो कहता दिख रहा है कि वो अब जीना नहीं चाहता। साथ ही वो इस कदम को उठाने के पीछे का कारण भी बताता है।