उत्तर प्रदेश में बाहुबली की छवि रखने वाले मुख्तार अंसारी पर शिंकजा कसने के बाद अब राज्य की योगी आदित्यनाथ सरकार ने अतीक अहमद पर भी शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। प्रयागराज में पुलिस ने जानकारी दी है कि पूर्व सांसद अतीक अहमद की 7 प्रॉपर्टी को सील किया गया है। सील किये गये प्रॉपर्टी की कीमत 30 करोड़ रुपए बताई जा रही है। इसके अलावा अतीक अहमद से जुड़ी 13 अन्य प्रॉपर्टी को भी सीज करने की कानूनी तैयारियां चल रही हैं। पुलिस ने बताया कि यह सभी प्रॉपर्टी गैर कानूनी धंधे के पैसों से बनाए गए हैं। बुधवार को अतीक अहमद से जुड़ी 5 और गुरुवार को 2 प्रॉपर्टी को सीज किया गया है।
जेल में हैं अतीक अहमद: यहां आपको बता दें कि अतीक अहमद गैंगस्टर एक्ट के तहत अभी जेल की हवा खा रहे हैं। जो प्रॉपर्टी अभी सीज की गई है उनमें खुलदाबाद में स्थित 2 घर और एक मार्केट है जिसकी कीमत ढाई करोड़ रुपए बताई जा रही है। इसके अलावा धूमनगंज में स्थित 2 घर और मार्केट जिसकी कीमत भी ढाई करोड़ रुपए बताई जा रही है और सिविल लाइन इलाके में स्थित 20 करोड़ रुपए मूल्य का एक घर भी है। यह सभी प्रॉपर्टी यहां के जिलाधिकारी के आदेश के बाद सीज किया गया है।
20 प्रॉपर्टी की सूची तैयार: एसपी (सिटी), दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि चकिया करबला इलाके में अतीक अहमद से जुड़ी 2 प्रॉपर्टी को गुरुवार को सीज किया गया है। उन्होंने यह भी जानकारी दी है कि अतीक अहमद से जुड़ी कुल 20 प्रॉपर्टी की सूची तैयार की गई है जिसे सीज किया जाएगा। इनमें से 7 को सीज कर लिया गया है और 13 अभी अदालत में पेंडिंग हैं। जिला प्रशासन के मुताबिक अतीक अहमद के खिलाफ MP/MLA कोर्ट में 31 केस पेंडिंग है जबकि कुछ अन्य अदालतों में भी उनके खिलाफ केस हैं।
अतीक अहमद के बेटे पर भी शिकंजा: अतीक अहमद और उनके रिश्तेदार के नाम पर 12 आर्म्स लाइसेंस हैं जिनको रद्द करने की प्रक्रिया जारी है। इसके अलावा उनके बेटे अब्बास ने लखनऊ के पते पर 7 आर्म्स लाइसेंस लिया जिसके खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि कम से कम ऐसे 16 फर्म के बारे में जानकारी मिली है जो उनके द्वारा संचालित हैं।
इसके अलावा 6 लैंड प्लॉट, 6 घर, 2 गाड़ियां (जिसमें एक Land Cruiser) भी शामिल है) को भी सीज किया गया है। 6 बैंक अकाउंट को भी फ्रिज कर दिया गया है। कुछ इसी तरह की कार्रवाई उनके गैंग के सदस्यों मोहम्मद कैश, बड्डू और आबिद पर भी लिया गया है।
अतीक पर दर्ज हैं 70 केस: आपको बता दें कि अतीक अहमद साल 2004-2009 के बीच समाजवादी पार्टी से फूलपुर लोकसभा सीट से सांसद रहे हैं। अतीक अहमद की छवि हिस्ट्रीशीटर की भी है और उनके खिलाफ करीब 70 केस दर्ज हैं। साल 2005 में बीएसपी के विधायक राजू पाल की प्रयागराज में हुई हत्या में भी अतीक अहमद पर केस दर्ज है।
अतीक अहमद पहले प्रयागराज के नैनी जेल में कैद थे बाद में साल 2018 में उन्हें देवरिया जेल में शिफ्ट कर दिया गया है। पांच बार विधायक रह चुके अतीक अहमद को जून के महीने में साबरमती सेंट्रल जेल में शिफ्ट किया गया। दरअसल अतीक अहमद को लेकर यह खुलासा हुआ था कि जेल में रहकर भी वो अपनी आपराधिक गतिविधियों को चला रहे थे जिसके बाद उन्हें साबरमती जेल में शिफ्ट किया गया था।

