देश की राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक महिला ने अपने पूर्व अमेरिकी पति और उसकी मां पर बेटी को अगवा करने का आरोप लगाया है। इस संबंध में अब दिल्ली पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है। महिला के मुताबिक, दोनों ने मिलकर पहले बच्ची का एक होटल से अपहरण किया और फिर उसे लेकर नेपाल चले गए।

पुलिस ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि कनिका गोयल नाम की एक महिला ने अपने पूर्व पति और सास पर बेटी के अपहरण का आरोप लगाते हुए दिल्ली पुलिस में प्राथमिकी दर्ज कराई है। महिला के मुताबिक दोनों ने मिलकर बच्चे को नेपाल ले जाने की साजिश रची। शिकायत के अनुसार, इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को भी इसके बारे में सूचित किया गया है। महिला ने बताया है कि पुरुष और महिला दोनों अमेरिकी नागरिक हैं।

दरअसल, कनिका गोयल और उनके पति कुछ समय पहले अलग हो चुके हैं। कोर्ट के आदेश के मुताबिक, गोयल अपनी आठ साल की बेटी को 13 अप्रैल से 18 अप्रैल तक अपने पिता और दादी से मिलाने के लिए लेकर आई थी। ऐसे में कनिका गोयल ने बच्ची को दिल्ली एरोसिटी के एक पांच सितारा होटल में छोड़ दिया था। महिला के मुताबिक, किसी कारणवश 15 तारीख को रात नौ बजे के बाद वह अपनी बेटी के पास नहीं पहुंच सकी थी।

शिकायतकर्ता महिला के मुताबिक, जब वह अगले दिन अपनी बेटी से मिलने होटल पहुंची तो उनकी बेटी एक साथ उनके पूर्व पति और उनकी मां का कहीं पता नहीं चला। पुलिस से संपर्क करने और सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगालने पर पता चला कि ये तीनों पिछली रात ही करीब 10:45 बजे टैक्सी से होटल से निकले थे और वापस नहीं लौटे। फिर कुछ देर बाद महिला को पता चला था कि वे नेपाल में हैं। पुलिस महिला के आरोपों की जांच कर रही है।

हालांकि, अब इस मामले में दिल्ली पुलिस ने जांच के दौरान नेपाल दूतावास के साथ-साथ अमेरिकी दूतावास को भी मामले की जानकारी दे दी है। इसके अलावा शिकायतकर्ता महिला की बच्ची, पूर्व पति और उसकी मां के बारे में इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को भी सूचित किया गया है। पुलिस के मुताबिक, यह दोनों लोग कुछ समय पहले अलग हो चुके हैं। कोर्ट के मुताबिक, पूर्व पति अपनी बच्ची से समय-समय पर अर्जी देकर मिल सकता था।