यूपी के सुल्तानपुर से बड़ी खबर सामने आ रही है। यहां एसटीएफ ने गोरखपुर के गैंगस्टर और शार्प शूटर विनोद कुमार उपाध्याय का एनकाउंटर कर दिया। माफिया विनोद उपाध्याय की पुलिस को कबसे तलाश थी। विनोद के ऊपर पुलिस ने एक लाख रुपये का ईनाम रखा था। रिपोर्ट के अनुसार, माफिया विनोद ने अपना गिरोह बनाया था। वह गोरखपुर, बस्ती, संतकबीर नगर, लखनऊ में कई लोगों की हत्या कर सनसनी फैला चुका था। विनोद के ऊपर 35 केस दर्ज थे लेकिन उसे किसी भी मामले में सजा नहीं सुनाई गई थी।
शुक्रवार को पुलिस को गैंगस्टर विनोद की मौजूदगी की खबर मिली। शुक्रवार सुबह तड़के जब एसटीएफ की टीम ने उसकी घेराबंदी की तो वह फायरिंग करने लगा। विनोद ने पुलिस की टीम पर कई राउंड फायरिंग की। एसटीएफ ने भी जवाबी कार्रवाई की, जिसमें उसे गोली लगी। गोली लगने के बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
एनकाउंटर के बाद बदमाश गिरफ्तार
यूपी के सहारनपुर जिले में पुलिस के साथ मुठभेड़ के बाद हरियाणा के एक इनामी बदमाश को गिरफ्तार कर लिया गया। मुठभेड़ के दौरान पुलिस की गोली लगने से घायल बदमाश को इलाज के लिए जिला अस्पताल मे भर्ती कराया गया है। मामले में एसपी ग्रामीण सागर जैन ने बताया कि सरसावा पुलिस 3 जनवरी की रात को नकुड रोड पर शाहजहांपुर तिराहे के पास जांच पड़ताल कर रही थी। तभी उन्होंने हरियाणा के यमुनानगर की ओर से बाइक से आ रहे एक युवक को रूकने का इशारा किया लेकिन मोटरसाइकिल सवार ने रुकने की बजाय पुलिस पर गोली चला दी। पुलिस ने भाग रहे बदमाश का पीछा किया तभी एक किलोमीटर दूर जाने पर बदमाश की मोटरसाइकिल फिसल गई ओर वह नीचे गिर पड़ा।
पुलिस को आता देख बदमाश ने फिर से पुलिस पर गोली चलाई, जिसके बाद पुलिस ने भी जवाबी गोलीबारी की। पुलिस की गोली लगने से बदमाश घायल हो गया। जैन ने बताया कि पुलिस ने घायल बदमाश अमन को गिरफ्तार कर लिया और उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अमन हरियाणा के करनाल जिले के इद्री थाना क्षेत्र में खानपुर का रहने वाला है। फिलहाल मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।