उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी की बाइक सवार बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक उप-निरीक्षक (एसआई) का नाम दिनेश मिश्रा है। वे 55 साल के थे। वे आगरा के रहने वाले थे और औराव थाने के चंदनपुर चौकी प्रभारी थे। रिपोर्ट के अनुसार, वे एक हत्या मामले की जांच कर रहे थे। इसी सिलसिले में वे पीथापुर गांव गए थे। जांच करने के बाद वे बाइक से लौट रहे थे। तभी अज्ञात बदमाशों में उनके ऊपर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना से लोग दहशत में है। इलाके में सनसनी फैल गई है। फिलहाल मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
हत्या मामले की जांच कर रहे थे एसआई
दरअसल, गुरुवार को दिनेश मिश्र पीथापुर गांव में दहेज हत्या के एक मामले की जांच करने गए थे। उनके साथ धीरज शर्मा नामक शख्स भी था। मामले की जांच करने के बाद जब वे बाइक से लौट रहे थे। उसी समय अज्ञात हमलावरों ने उनकी गर्दन में गोली मार दी। गोली लगने के बाद वे मोटरसाइकिल से नीचे गिर गए। गंभीर हालत में उन्हें सरकारी ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया। जहां डॉक्टर्स ने उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। एसआई की हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस मकहमे में हड़कंप मच गया। आलाअधिकारी घटना स्थल पर पहुंच गए। उन्होंने घटना स्थल का जायजा लिया।
इस मामले में वरिष्ठ पुलिस अधिकारी आशीष कुमार तिवारी ने कहा कि दिनेश मिश्रा ड्यूटी पर थे। जब वे एक मामले की जांच करके लौट रहे थे तो उनकी गोली मारकर हत्या कर दी गई। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है। आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
इससे पहले जुलाई के आखिरी सप्ताह में फरीदाबाद विशेष पुलिस अधिकारी (SPO) की हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई थी। SPO का नाम मोहन लाल है, वे 42 साल के थे। घटना सूरजकुंड इलाके में हुई। बताया जा रहा है कि जब उन पर हमाल हुआ तो वे ड्यूटी पर तैनात थे। उसी वक्त कथित तौर पर एक युवक ने उनकी हत्या कर दी।
अधिकारियों ने बताया था कि यह मामला तब सामने आया जब चाय बेचने वाले ने विशेष पुलिस अधिकारी को घायल अवस्था में खून से लथपथ देखा। वे नाके के पास खून से लथपथ पड़े हुए थे। इसके बाद चाय वाले ने इस बारे में कांस्टेबल ओम सिंह को सूचित किया।