Police Recoverd AK 47 From Bahubali Vijay Mishra Petrol Pump: उत्तर प्रदेश के बाहुबली विजय मिश्रा की मुश्किलें खत्म होने का नाम नहीं ले रही हैं। इसी कड़ी में अब पुलिस ने विजय मिश्रा के बेटे विष्णु की निशानदेही पर बंद पड़े पेट्रोल पंप से एके-47, पिस्टल, मैगजीन और सैकड़ों कारतूस बरामद किए हैं। बता दें कि, हाल ही में पुलिस ने विजय मिश्रा के बेटे विष्णु को पुणे से गिरफ्तार किया था।
बाहुबली के बेटे की निशानदेही पर हुई जब्ती
पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने बताया कि विष्णु की निशानदेही पर अत्याधुनिक हथियार, कारतूस बरामद किए गए हैं, जिनमें एक एके-47, एक 9 MM पिस्टल, 4 मैगजीन और सैकड़ों कारतूस शामिल हैं। विष्णु मिश्रा फिलहाल यूपी के भदोही की जिला जेल में बंद है। एसपी के मुताबिक, विष्णु मिश्रा से पूछताछ के बीच इन सभी हथियारों से जुड़े लिंक मिले थे।
दो साल से था फरार, 1 लाख का था इनाम
वाराणसी की एक युवती ने विजय मिश्रा के साथ ही उनके कारोबारी बेटे विष्णु मिश्रा समेत तीन लोगों पर गैंगरेप का आरोप लगाया था। मामले में पुलिस ने संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया था। इसके बाद विधायक के एक करीबी कृष्ण मोहन तिवारी ने भी दोनों पिता-पुत्र पर करोड़ों रुपए की प्रॉपर्टी कब्जाने का आरोप लगाया था। जिसमें गोपीगंज पुलिस ने केस भी दर्ज किया था। विष्णु मिश्रा दो साल से फरार चल रहा था और पुलिस ने उस पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया था।
24 जुलाई को पुणे से अरेस्ट हुआ था विष्णु मिश्रा
इस मामले में जब पुलिस ने तेजी दिखाई तो पिता-पुत्र की जोड़ी लगातार ठिकाना बदलती रही। जिसमें पुलिस ने विजय मिश्रा को एमपी से जबकि उनके बेटे को बीते 24 जुलाई को पुणे के हडपसर से गिरफ्तार किया था। बाहुबली विजय मिश्रा का पोता आकाश भी इन दिनों एक मामले में ज्ञानपुर जेल में बंद है।
कौन हैं बाहुबली विजय मिश्रा
बाहुबली विजय मिश्रा के खिलाफ दर्जनों आपराधिक मामले दर्ज हैं। फिलहाल विजय मिश्रा जेल में है लेकिन उससे पहले वह ज्ञानपुर सीट से लगातार चार बार विधायक चुने गए थे। तीन बार समाजवादी पार्टी और साल 2017 में निषाद पार्टी से विधायक चुने वाले विजय मिश्रा साल 2022 विधानसभा चुनाव में हार गए थे।