उत्तर प्रदेश के फतेहपुर में भाजपा और अपना दल के विधायकों के सामने एक नायब तहसीलदार ने महिला फरियादियों से अभद्रता कर दी। यह वाकया तब घटा जब जिले में संपूर्ण तहसील समाधान दिवस पर भाजपा और अपना दल के विधायक सभागार में जनता की समस्याएं सुन रहे थे। सरेआम नायब तहसीलदार द्वारा किये गए इस कृत्य के बाद दोनों विधायक विरोध जताते हुए बाहर निकल गए। लिखित शिकायत के बाद डीएम ने जांच के बाद कार्रवाई करने का भरोसा दिलाया है।
जानकारी के मुताबिक, संपूर्ण तहसील समाधान दिवस के मौके पर फतेहपुर जिले में महिला फरियादियों के साथ अन्य लोग भी अपनी-अपनी समस्याएं बता रहे थे। इसी दौरान, नायब तहसीलदार ने महिला फरियादियों के साथ बदसलूकी कर दी। दरअसल, जिले के बिंदकी के तहसील सभागार में सीडीओ की अगुवाई में संपूर्ण तहसील समाधान दिवस का आयोजन किया गया था। तहसील समाधान दिवस पर अधिकारियों के साथ विधायक भी समस्या सुन रहे थे।
इसी दौरान, कुछ महिला फरियादी अपनी-अपनी समस्या व शिकायत लेकर मौजूद अधिकारियों के सामने पहुंची थी। तभी नायब तहसीलदार ने उन महिला फरियादियों के साथ बदसलूकी की और फिर उन्हें सभागार से बाहर भगा दिया। जब ऐसे व्यवहार से सभागार में हल्ला मचा तो बीजेपी और अपना दल के दोनों विधायक भी वहीं मौजूद थे। दोनों विधायकों ने अधिकारी एक ऐसे रवैये पर नाराजगी जताई और सभागार से उठकर बाहर चले गए।
घटना के बाद दोनों विधायकों ने महिलाओं के प्रति नायब तहसीलदार के अभद्र व्यवहार की जिलाधिकारी से दोषी अधिकारी और अन्य कर्मचारियों के खिलाफ शिकायत की और कार्रवाई की मांग की थी। इसके बाद वह सभागार छोड़कर विरोध में बाहर निकल गए। बदसलूकी का शिकार हुई महिलाओं ने भी इस मामले में डीएम के पास लिखित में शिकायत दी है। जिसके बाद जिलाधिकारी ने महिला फरियादियों व अन्य लोगों से घटनाक्रम की जानकारी ली है।
नायब तहसीलदार के व्यवहार के मामले में डीएम ने जांच के बाद कार्रवाई करने का भरोसा दिलाया है। उन्होंने कहा है कि जांच में जो भी अधिकारी, कर्मचारी दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी। इस पूरे मामले में बीजेपी और अपना दल के दोनों विधायकों ने महिलाओं के साथ हुई बदसलूकी का विरोध दर्ज कराया था।