उत्तर प्रदेश के मथुरा में देर रात एक पत्रकार पर कुछ अज्ञात बदमाशों ने जानलेवा हमला कर दिया। प्रदेश में 24 घंटे के अंदर हुई यह दूसरी घटना है, इससे पहले अलीगढ़ में भी एक टीवी चैनल के पत्रकार को गोली मारी गई थी। बताया जा रहा है कि, मथुरा के पत्रकार ने सट्टेबाजी से जुड़ी एक खबर दिखाई थी। इसी के चलते उस पर हमले को अंजाम दिया गया है। पत्रकार को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, मथुरा के छाता तहसील में हुई घटना में घायल हुए पत्रकार की पहचान सुरेश उपमन्यु के रूप में हुई है। शुक्रवार की देर रात जब सुरेश नंद गांव से वापस अपने घर जा रहे थे। तभी उनके गांव से पहले ही पड़ने वाली एक पुलिया पर कार सवार बदमाशों ने उन्हें रोककर लाठी-डंडो से हमला किया था। सुरेश पर किया गया हमला इतना जोरदार था कि वह बुरी तरह घायल हो गए। घायल सुरेश उपमन्यु को घटना के बाद स्थानीय लोगों ने कोसी कला के एक अस्पताल में भर्ती कराया।
पत्रकार पर हुए इस जानलेवा हमले के पीछे का कारण एक खबर बताई जा रही है, जिसमें उन्होंने सट्टेबाजी और उनसे जुड़े लोगों पर सवाल उठाये थे। सुरेश उपमन्यु खुद का एक यू-ट्यूब चैनल चलाते हैं, इसी के माध्यम से उन्होंने कोसी कला इलाके में चल रहे सट्टेबाजी के काले धंधे पर खबर चलाई थी। इस खबर के प्रसारित होने के बाद उन्हें सोशल मीडिया व फोन पर जान से मारने की धमकी दी जा रही थी।
पत्रकार सुरेश उपमन्यु ने सट्टेबाजों और उनसे जुड़े गुर्गों की धमकी के बाद थाना कोसी कला में जान को खतरा होने के संबंध में एक तहरीर दी थी। इस मामले में पुलिस प्रशासन द्वारा उन्हें आश्वासन भी दिलाया गया था। हालांकि, जब प्रशासन ने कोई कदम नहीं उठाया तो उन्हें खुलेआम धमकी दी जाने लगी थी।
पत्रकार पर हुए हमले के बारे में कोसी थाने के प्रभारी ने बताया कि उन्हें घटना के बारे में जानकारी मिली है। उनका कहना है कि अभी तक उन्हें इस मामले में कोई भी तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। कोसी थाना प्रभारी ने बताया कि पूर्व में सुरेश उपमन्यु द्वारा जो मामला दर्ज कराया गया था, उसमें नामजद लोगों की अभी तक गिरफ्तारी नहीं हो पाई है।