Unnao Rape Case, BJP MLA Kuldeep singh, CBI inquiry : उन्नाव रेप केस की पीड़िता की कार हादसे की शिकार हुई या साजिश की ? इस सवाल पर संसद से लेकर सड़क तक हंगामा मचा हुआ है। लोकसभा में कांग्रेस के नेता अधीर रंजन चौधरी देश के गृहमंत्री से इस मामले में बयान देने की मांग की है। अधीर रंजन चौधरी ने कहा कि हम किस तरह के समाज में जी रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह घटना बेहद शर्मनाक है। लोकसभा में इस मुद्दे पर केंद्रीय मंत्री प्रहलाद जोशी ने जवाब देते हुए कहा कि इस मामले की निष्पक्ष जांच चल रही है और इस मुद्दे पर राजनीति नहीं होनी चाहिए।

बता दें कि बीते रविवार को रायबरेली के पास एक उन्नाव रेप केस की पीड़िता की कार हादसे का शिकार हो गई थी। इस हादसे में पीड़िता गंभीर रूप से घायल हो गई थी। इसके अलावा हादसे में पीड़िता की चाची और मौसी की मौत भी हो चुकी है। केस के वकील भी इस सड़क हादसे में घायल हो चुके हैं। पीड़िता और उसके वकील का इलाज अभी अस्पताल में चल रहा है। हादसे के बाद विपक्ष यह आरोप लगा रहा है कि उन्नाव रेप केस की पीड़िता की कार का एक्सिडेंट नहीं हुआ बल्कि यह एक साजिश है। बता दें कि इस रेप केस में भाजपा के एमएलए कुलदीप सिंह सेंगर आरोपी हैं और जेल में बंद है। बहराहल हादसे के बाद कुलदीप सिंह सेंगर समेत 8 लोगों पर केस भी दर्ज किया गया है।

Live Blog

19:15 (IST)30 Jul 2019
माायावती ने BJP को घेरा

बसपा अध्यक्ष मायावती ने ट्वीट कर कहा कि 'स्थानीय भाजपा सांसद साक्षी महाराज द्वारा जेल में बलात्कार के आरोपी भाजपा विधायक से मिलना यह प्रमाणित करता है कि गैंगरेप आरोपियों को लगातार सत्ताधारी भाजपा का संरक्षण मिल रहा है, जो इंसाफ का गला घोंटने जैसा है। उच्चतम न्यायालय को इसका संज्ञान जरूर लेना चाहिए।'

18:47 (IST)30 Jul 2019
इसलिए गई थी रायबरेली

पीड़िता रविवार को अपने परिवारवालों और वकील के साथ रायबरेली जेल चाचा से मिलने गई थी। जेल से लौटते समय उसकी कार और ट्रक में भिड़ंत हो गई

18:15 (IST)30 Jul 2019
पीड़िता ने खुद को मारने की कोशिश भी की थी

बता दें के उन्नाव रेप केस पीड़िता ने अप्रैल 2018 में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के घर के बाहर खुद को आग लगाने की कोशिश की थी। हालांकि इस दौरान वो बच गई थी। पीड़िता के पिता उसका केस लड़ रहे थे। कथित रूप से कुलदीप सेंगर के भाई द्वारा गंभीर रूप से पिटाई के बाद पिता की मौत हो गई थी।

17:32 (IST)30 Jul 2019
वेंटिलेटर पर है उन्नाव रेप पीड़िता, ज्योतिरादित्य सिंह ने किया मौत का ऐलान

उन्नाव रेप केस की पीड़िता इस वक्त लखनऊ के केजीएमयू में भर्ती है। उसकी हालत काफी गंभीर बनी हुई है और वो अभी पीड़िता वेंटिलेटर पर है। लेकिन इसी बीच कांग्रेस नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया ने ट्विटर पर लिख दिया कि उन्नाव की पीड़िता ने लंबे संघर्ष के बाद दम तोड़ दिया। हालांकि, डॉक्टरों की तरफ से ऐसी कोई घोषणा नहीं की गई है। लोगों के विरोध के बाद सिंधिया ने यह ट्वीट हटा दिया।

17:11 (IST)30 Jul 2019
इस सीट से विधायक हैं कुलदीप सेंगर

कुलदीप सिंह सेंगर बीजेपी के टिकट पर उन्नाव ज़िले की बांगरमाउ सीट से विधायक हैं। उन पर उनके गांव की रहने वाली नाबालिग़ लड़की ने चार जून, 2017 को रेप करने का आरोप लगाया था।

16:17 (IST)30 Jul 2019
कांग्रेस का प्रदर्शन

उन्नाव रेप केस: ऑल इंडिया महिला कांग्रेस प्रेसिडेंट सुष्मिता देव और अन्य सदस्यों ने इस हादसे के खिलाफ लखनऊ की सड़कों पर प्रदर्शन किया। महिला कांग्रेस कार्यकर्ता इस मामले में आरोपियों पर त्वरित कार्रवाई की मांग कर रही थीं।

14:49 (IST)30 Jul 2019
चीफ जस्टिस को लिखा था खत

समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, उन्नाव रेप केस की पीड़िता ने इससे पहले सुप्रीम कोर्ट के चीफ जस्टिस रंजन गोगोई को भी खत लिखा था। यह खत 12 जुलाई 2019 को उन्नाव रेप पीड़िता की तरफ से लिखा गया है। इसमें यह कहा गया है- “उन लोगों के खिलाफ कार्रवाई कीजिए जो हमें धमका रहे हैं।” पत्र में आगे लिखा गया है- “लोग मेरे घर आते हैं, धमकाते हैं और केस वापस लेने की बात कर ये कहते हैं कि ऐसा नहीं किया तो पूरे परिवार को फर्जी केस में जेल में बंद करवा देंगे।”

14:44 (IST)30 Jul 2019
धरने पर कांग्रेस कार्यकर्ता

लखनऊ में हजरतगंज के पास महात्मा गांधी के मूर्ति के समीप कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने धरना प्रदर्शन किया है। यह धरना प्रदर्शन उन्नाव रेप केस पीड़िता के परिवार वालों के साथ हुए कार हादसे के विरोध में किया गया है।

13:42 (IST)30 Jul 2019
सरकार पीड़ित परिवार के साथ- डिप्टी सीएम

उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम दिनेश शर्मा ने लखनऊ के केजीएमूय अस्पताल में जाकर पीड़ित लड़की के परिजनों से मुलाकात की है। उन्होंने यहां मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि सरकार पीड़ित परिवार के साथ है। उन्होंने जानकारी दी कि इस मामले में पीड़ित परिवार के कहने पर एफआईआर दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि परिवार के लोगों ने चाचा के परोल के लिए कोर्ट में याचिका लगाई थी जिसे कोर्ट ने मंजूर कर लिया है।

13:20 (IST)30 Jul 2019
VIDEO: स्वाति मालीवाल पहुंचीं लखनऊ

दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल लखनऊ पहुंची। उन्होंने यहां पीड़ित परिवार से मुलाकात की और कहा कि बीजेपी सरकार इस मामले पर आंख मूंद कर बैठी है। 

13:16 (IST)30 Jul 2019
चाचा को मिला परोल

पीड़िता के चाचा को एक दिन के लिए परोल मिल गया है। परोल के लिए पीड़ित का परिवार धऱने पर बैठ गया था। बता दें कि सड़क हादसे में पीड़िता की चाची का निधन हो गया है। अब पीड़िता के चाचा अपनी पत्नी के अंतिम संस्कार में शामिल होंगे।

13:15 (IST)30 Jul 2019
पीड़ित परिवार बैठा धरने पर

उन्नाव गैंगरेप पीड़ित का परिवार लखनऊ में केजीएमयू अस्पताल के बाहर धरने पर बैठ गया है। परिवार वालों की मांग है कि भाजपा विधायक कुलदीप सेंगर को जल्द से जल्द सजा दी जाए।

12:33 (IST)30 Jul 2019
सरकार और BJPMLA से सवाल पूछे जाएंगे- अखिलेश यादव

उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने उन्नाव रेप पीड़िता की कार का एक्सिडेंट होना एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। इस घटना से देश की महिलाओं को काफी आघात पहुंचा है। भाजपा नेताओं के निर्देश पर ही पीड़िता के पिता को पीटा गया था। रेप केस में पुलिस ने मामला भी तब दर्ज किया था जब उसने खुद को आघात पहुंचाने की कोशिश की थी। संभावित है कि लोग सरकार और भाजपा एमएलए से सवाल उठाएंगे।

11:54 (IST)30 Jul 2019
ट्रक ड्राइवर के पिता ने कहा- कुलदीप सेंगर को कभी नहीं देखा

रायबरेली में रेप पीड़िता का जिस ट्रक से हादसा हुआ उसके ड्राइवर का नाम आशीष कुमार है। आशीष कुमार के पिता ने कहा कि उन्होंने कभी भी कुलदीस सिंह सेंगर को नहीं देखा है।

11:46 (IST)30 Jul 2019
उन्नाव रेप केस: पीड़िता के साथ सड़क हादेस पर बोले केंद्रीय मंत्री

केंद्रीय मंत्री प्रहलाद जोशी ने लोकसभा में उन्नाव रेप की पीड़िता के साथ हुए सड़क हादसे पर बयान दिया है। उन्होंने कहा कि हमें इस मामले का राजनीतिकरण नहीं करना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस मामले में सीबीआई जांच पहले से चल रही है...FIR दर्ज कर लिया गया है। मामले की निष्पक्ष जांच चल रही है।