तमिलनाडु में एक पिता पर अपनी ही बेटी से दुष्कर्म करने का आऱोप लगा है। बताया जा रहा है कि इस बात का खुलासा उस वक्त हुआ जब लड़की गर्भवती हो गई। मामले में अब पीड़िता ने थाने में केस दर्ज कराया है। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है।

यह घटना Thanjavur की है। जानकारी के मुताबिक जब बच्ची 4 साल की थी तब ही उसकी मां का निधन हो गया था। उसके बाद से ही बच्ची अपने पिता के साथ रह रही थी। बताया जा रहा है कि बच्ची के पिता पेशे से किसान हैं और उनकी 2 बेटियां है। ‘Times Of India’ की रिपोर्ट के मुताबिक लड़की ने अपने साथ हुई ज्यादती की कहानी सबसे पहले अपनी छोटी बहन को बताया था। इसके बाद वो बहन की मदद से अपने दादी के घर चली गई थी।

बताया जा रहा है कि करीब एक महीने से यह लड़की अपनी दादी के घर रह रही थी। अचानक लड़की ने अपनी दादी से पेट में दर्द की शिकायत की। इसके बाद लड़की को प्राथमिक उपचार केंद्र में ले जाया गया था। अस्पताल में जांच-पड़ताल के बाद चिकित्सकों ने बताया कि लड़की गर्भवती है। यह बात सुनकर लड़की की दादी के होश उड़ गए।

गर्भवती होने का खुलासा होने के बाद लड़की ने इस मामले में अपनी दादी के सामने ऐसी बात बयां की जिसे सुनकर उनके भी होश उड़ गए। 15 साल की लड़की ने बताया कि उसके पिता नशे की हालत में रात के वक्त उसके साथ रेप किया करते थे। आगे की जांच में यह भी पता चला कि लड़की की दादी के एक रिश्तेदार ने भी लड़की के साथ दुष्कर्म किया था।

इस मामले में पीड़िता की शिकायत पर महिला थाने में केस दर्ज कराया गया। पुलिस ने इस मामले में आरोपी पिता और उसके एक अन्य रिश्तेदार को गिरफ्तार कर लिया है। बच्ची को आगे की इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

आपको बता दें कि इससे पहले जून के महीने में उत्तर प्रदेश के कानपुर से भी एक ऐसी ही खबर आई थी। यहां एक लड़की ने अपने पिता पर आरोप लगाया था कि उसके पिता 2 महीने से उसका यौन शोषण कर रहे थे। लड़की ने यह भी आरोप लगाया था कि उसके पिता ने उसे गर्भपात की दवा भी खिलाई थी। हालांकि इस मामले में पकड़े जाने के बाद पिता ने खुद को बेकसूर बताया था।