लॉ स्टुडेंट से दुष्कर्म के आरोपी भारतीय जनता पार्टी (BJP) के वरिष्ठ नेता स्वामी चिन्मयानंद को यूपी SIT ने पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। इस मामले में चिन्मयानंद की तरफ से भी लड़की पर जबरन वसूली का आरोप लगाया गया था। जिसके बाद जांच टीम ने पीड़ित लड़की को भी गिरफ्तार कर लिया है। पर अब पुलिस की इस कार्रवाई पर बॉलीवुड का गुस्सा फूट पड़ा है। मशहूर एक्ट्रेस स्वरा भास्कर ने ट्वीट कर अपनी भड़ास निकाली है। एक्ट्रेस ने ट्वीट करते हुए कहा कि ‘बेटी इन्हीं से बचाओ!!!!शर्मनाक!!!।’
स्वरा भास्कर के अलावा अभिनेत्री ऋचा चड्डा ने भी इस मामले पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। एक्ट्रेस ने लिखा कि ‘ये क्या हो रहा है।’ पीड़ित लड़की को पकड़े जाने के बाद ही बॉलीवुड की इन अभिनेत्रियों की प्रतिक्रिया सामने आई है और इन दोनों अभिनेत्रियों ही के ट्वीट पर कई अन्य लोगों ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी है।


शाहजहांपुर केस में पूर्व केंद्रीय मंत्री स्वामी चिन्मयानंद पर यौन शोषण का आरोप लगाने वाली लड़की को रंगदारी के मामले में स्थानीय कोर्ट ने 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। इससे पहले एसआईटी टीम ने आज (25-09-2019) की सुबह लड़की को गिरफ्तार किया था। लड़की पर चिन्मयानंद से उगाही करने का आरोप है।
इस संबंध में एक वीडियो भी सामने आया था, जिसके बाद लड़की और उसके तीन साथियों पर पुलिस ने केस दर्ज किया था। इससे पहले स्वामी चिन्मयानंद से 5 करोड़ की रंगदारी मांगने के मामले में मंगलवार को SIT ने पीड़िता के दोस्त विक्रम और सचिन को रिमांड पर लिया था। दोस्तों के रिमांड पर लिए जाने के बाद पीड़िता की गिरफ्तारी की आशंका बढ़ गई थी।
आपको बता दें कि यूपी के शाहजहांपुर के लॉ कॉलेज में पढ़ने वाली 24 साल की इस छात्रा ने वरिष्ठ भाजपा नेता और पूर्व केंद्रीय गृह राज्यमंत्री स्वामी चिन्मयानंद पर गंभीर आरोप लगाए हैं। लड़की के आरोपों के बाद इस मामले की जांच के लिए गठित एसआईटी ने अभी कुछ दिनों पहले चिन्मयानंद को भी गिरफ्तार किया था।
चिन्मयानंद को पकड़ने के बाद एसआईटी के प्रमुख ने बताया था कि पूछताछ में ‘चिन्मयानंद ने लड़कियों से मालिश कराने की बात कबूली थी और कहा था कि वो अपने किए पर शर्मिंदा हैं।’ फिलहाल पुलिस इस मामले की काफी बारीकी से जांच कर रही है और दोनों ही पक्षों की तरफ से लगाए गए सभी आरोपों को लेकर पुख्ता सबूत भी जुटाए जा रहे हैं। (और…CRIME NEWS)

