फरीदाबाद में विशेष पुलिस अधिकारी (SPO) की हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई। SPO का नाम मोहन लाल है, वे 42 साल के थे। घटना सूरजकुंड इलाके में हुई। बताया जा रहा है कि जब उन पर हमाल हुआ तो वे ड्यूटी पर तैनात थे। उसी वक्त कथित तौर पर एक युवक ने उनकी हत्या कर दी। अधिकारियों ने बुधवार को बताया कि यह मामला तब सामने आया जब चाय बेचने वाले ने विशेष पुलिस अधिकारी को घायल अवस्था में खून से लथपथ देखा। वे मंगलवार रात नाके के पास खून से लथपथ पड़े हुए थे। इसके बाद चाय वाले ने इस बारे में कांस्टेबल ओम सिंह को सूचित किया। मंगलवाल रात ओम सिंह भी एसपीओ के साथ ड्यूटी पर तैनात थे।
एसपीओ की हत्या से इलाके में दहशत है। लोगों के बीच चर्चा है कि आखिर कोई विशेष पुलिस अधिकारी को क्यों मारना चाहेगा। कहीं इसके तार किसी केस से तो जुड़े नहीं है। फिलहाल पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है। पुलिस आरोपी का बैकग्राउंड चेक कर रही है कि कहीं उसका कोई आपराधिक इतिहास तो नहीं है।
लाल के सिर से बह रहा था खून
ओम सिंह ने बताया कि आरोपी की पहचान 24 साल के संतोष के रूप में की गई है। उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। कांस्टेबल सुरेश कुमार की शिकायत के अनुसार, विशेष पुलिस अधिकारी लाल मंगलवार रात करीब सवा आठ बजे नाके पर गए थे। करीब एक घंटे बाद चाय विक्रेता कुमार ने लाल को नाके के पास गिरा हुआ पाया। उसने देखा कि लाल के सिर से खून बह रहा है। उसने फौरन लाल को पास के एक अस्पताल पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद हड़कंप मच गया।
पुलिस आयुक्त विकास अरोड़ा ने जताया दुख
जांच के दौरान विक्रेताओं ने पुलिस को बताया कि एक युवक को इंटरलॉक टाइल के साथ इलाके में घूमते हुए देखा गया था। ऐसी आशंका है कि उसने ही लाल पर हमला किया होगा। वहीं फरीदाबाद पुलिस आयुक्त विकास अरोड़ा ने लाल की मौत पर दुख जताया और कहा कि आरोपी को कड़ी सजा दी जाएगी। फिलहाल मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।