महाराष्ट्र के ठाणे से शर्मसार करने वाली खबर सामने आई है, यहां जिले के एक स्कूल में एक शख्स ने 10 साल की लड़की से कथित रूप से छेड़छाड़ किया। इस घटना के बारे में पुलिस को सूचना नहीं देने के आरोप में एक प्राइवेट स्कूल की प्रिंसिपल को गिरफ्तार किया गया है। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि यह घटना मंगलवार की सुबह मुंब्रा इलाके में स्थित स्कूल की है। मुंब्रा पुलिस थाने के अधिकारी ने बताया कि पांचवीं की छात्रा जब अपनी कक्षा में अकेली थी, तभी ‘शॉर्ट्स’ और नीली टी-शर्ट पहने एक शख्स वहां आया और उसने बच्ची से कथित तौर पर छेड़छाड़ और अन्य आपत्तिजनक हरकतें कीं। डरी हुई लड़की के शोर मचाने पर आरोपी वहां से चला गया।
अधिकारी ने बताया कि शोरगुल सुनकर प्रिंसिपल वहां आईं, उनके पूछने पर पीड़िता ने उन्हें घटना की जानकारी दी। प्राथमिकी के अनुसार, प्रिंसिपल को बाद में आरोपी से बात करते हुए देखा गया, जिसने उन्हें कथित तौर पर बताया कि वह लड़की को स्कूल छोड़ने आया था। लड़की ने घटना के बारे में अपने माता-पिता को बताया और उन्होंने उस शख्स और स्कूल की प्रिंसिपल के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
अधिकारी ने आगे बताया कि शिकायत के आधार पर प्रिंसिपल को घटना की सूचना पुलिस को न देने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने आगे बताया कि अज्ञात शख्स के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पोक्सो) अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है तथा उसकी तलाश की जा रही है।