बेंगलुरु में कथित तौर पर ऑनलाइन गेम के आदी एक रियल एस्टेट फर्म के 37 वर्षीय मैनेजर ने 65 लाख रुपये का नुकसान झेलने के बाद अपने होम सिटी जाकर शुक्रवार को खुदकुशी कर ली। पुलिस के मुताबिक, मृतक की पहचान कर्नाटक के उत्तर कन्नड़ जिले के सिरसी के विजिथ शांताराम हेगड़े के रूप में हुई है। पुलिस ने कहा कि हेगड़े की शुक्रवार रात आत्महत्या से मौत हो गई और उन्हें शनिवार दोपहर को उनकी मौत के बारे में पता चला।
बेंगलुरु से होमटाउन सिरसी लौटकर की खुदकुशी
बीते दिनों विजिथ शांताराम हेगड़े बेंगलुरु से सिरसी आया था। उसने शुक्रवार रात को अपने माता-पिता का घर छोड़ दिया और उन्हें बताया कि वह बस से बेंगलुरु जा रहा है। हालाँकि, अगली सुबह बेंगलुरु से उसकी पत्नी ने उसके माता-पिता को बताया कि वह घर नहीं लौटा है। हेगड़े के घबराए माता-पिता ने सिरसी ग्रामीण पुलिस से संपर्क किया। पुलिस उनके घर के पास हेगड़े के मोबाइल फोन को ट्रैक करने में कामयाब रही। आगे तलाश करने पर पुलिस को उसका शव उसके घर के ही पीछे जंगल में मिला।
कथित सुसाइड नोट में 65 लाख रुपए कर्ज का जिक्र
एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि विजिथ शांताराम हेगड़े ने एक कथित सुसाइड नोट में लिखा है कि उसने ऑनलाइन गेम्स के जरिए पैसे कमाए थे, लेकिन बाद में सब खो दिया और उसे 65 लाख रुपये का कर्ज लेना पड़ा। इसको लेकर वह बीते कई दिनों से तनाव में चल रहा था। मामले की जांच कर रहे एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि वे अभी तक हेगड़े का मोबाइल फोन अनलॉक नहीं कर पाए हैं।
पुलिस अधिकारी ने कहा, “हमें नहीं पता कि वह किस ऑनलाइन गेम का आदी था। हमें पता चला कि उसने शुरू में बहुत पैसा कमाया था लेकिन बाद में खो दिया। उसने एक बैंक और अपने दोस्तों से भी कर्ज लिया था।” कर्ज की रकम को लौटाने को लेकर वह मानसिक तनाव और आर्थिक दबाव में था। इसी के चलते उसने खुदकुशी का खतरनाक कदम उठा लिया।