राजस्थान के उदयपुर से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। एक शख्स ने नशे की हालत में महिला की बेरहमी से पिटाई की और उसी वजह से उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने इस मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की पूछताछ की जा रही है। इस घटना का एक वीडियो वायरल है जिसमें 70 वर्षीय आरोपी एक बूढ़ी महिला की जमकर पिटाई कर रहा है। छाते से मार रहा है, लातों का इस्तेमाल कर रहा है। कई लोग उसे रोकने की कोशिश करते हैं, लेकिन कोई फायदा नहीं।
सनकी ने हैवानियत की हदें पार कीं
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया है कि वो नशे की हालत में था और उसे लगा कि वो भगवान शिव का अवतार है। उसका दावा था कि वो मारकर फिर उस महिला को जिंदा करने वाला था। उसकी इस सनक ने एक निर्दोष महिला की जान ले ली। आरोपी का नाम प्रताप सिंह है जिसने पांच अगस्त को इस वारदात को अंजाम दिया। वायरल वीडियो में दिख रहा है कि वो शख्स सिर्फ महिला की पिटाई नहीं कर रहा है, बल्कि लगातार खुद को भगवान शिव बता रहा है।
पुलिस को आरोपी ने क्या बताया?
बड़ी बात ये है कि जिस समय सनकी उस महिला को मार रहा था, कुछ लोग उसका वीडियो बना रहे थे। किसी ने भी सामने से आकर उस महिला को बचाने की जहमत नहीं दिखाई और बस वीडियो बनाते रहे। ऐसे में पुलिस ने उस पिटाई करने वाले आरोपी को तो पकड़ा ही है, साथ में दो किशोरों को भी हिरासत में ले लिया गया है। यानी कि कुल चार लोग इस समय पुलिस हिरासत में हैं और उनसे आगे की पूछताछ जारी है।
बताया जा रहा है कि पुलिस पूछताछ में आरोपी ने कई मौकों पर अपने एक ही बयान को दोहराया है। वो दावा करता रहा कि उसने महिला को पहले मारा, लेकिन फिर जिंदा भी कर दिया। अभी के लिए पीड़ित महिला के घर पर मातम पसरा हुआ है।