साल 2018 के जुलाई के महीने में पुलिस ने 27 साल की एक महिला को उसके 2 साथियों के साथ पकड़ा। दरअसल पुलिस को जयपुर-दिल्ली हाईवे पर उस वक्त एक सूटकेश में एक युवक की लाश मिली थी और पुलिस इसी मामले को सुलझाते हुए इस महिला तक पहुंची थी। जांच के दौरान यह भी खुलासा हुआ था कि सूटकेश में मिले युवक का नाम दुष्यंत शर्मा है। अचानक मीडिया में प्रिया सेठ नाम की एक लड़की का नाम सुर्खियों में आया। कहा गया कि प्रिया सेठ वो लड़की है जो डेटिंग ऐप ‘टिंडर’ के जरिए लोगों को फंसाती थी और फिर उनकी हत्या कर देती थी।

बताया जाता है कि प्रिया सेठ इस रैकेट की किंगपिन थी और उसका काम था बड़े-बड़े व्यापारियों को अगवा कर उनसे पैसे ऐंठना। इस काम में उसके मददगार थे दीक्षांत शर्मा और लक्ष्य वालिया। दीक्षांत शर्मा देह व्यापार चलाने, एटीएम लूटने, रंगदारी मांगने, हनीट्रैप रैकेट चलाने समेत कई गंभीर अपराधों में संलिप्त था। प्रिया सेठ के बारे में पता चला कि वो भी एक हिस्ट्रीशीटर रही है और पहले भी कई बार गिरफ्तार हो चुकी है।

प्रिया ने सबसे पहले मारा चाकू

पुलिस की गिरफ्तारी के बाद प्रिया सेठ के साथियों ने खुलासा किया था कि दुष्यंत शर्मा को सबसे पहले प्रिया सेठ ने ही चाकू मारा था। इस चर्चित हत्याकांड को अंजाम देने के बाद प्रिया सेठ एक फाइव-स्टार होटल गई थी ताकि वो किसी दूसरे शख्स को अपना शिकार बना सके।

मसाज पार्लर से करियर की शुरुआत

प्रिया सेठ के बारे में आपको बता दें कि वो साल 2011 में पाली से जयपुर आई थी। प्रिया के पिता एक सरकारी कॉलेज में लेक्चरर थे। उन्होंने अपनी बेटी को पढ़ाने के लिए कॉलेज में दाखिला दिलाया। कहा जाता है कि जयपुर में रहते हुए प्रिया अपराधों में संलिप्त हो गई। उन्हें मसाज पार्लर से अपने करियर की शुरुआत की। कई अलग-अलग फ्लैट में रहने के दौरान वो मसाज पार्लर चलाती रही। 4 जुलाई 2014 को वो पकड़ी गई थी। बेल पर रिहा होने के बाद वो 30 नवंबर 2014 को मानसरोवर में एटीएम काटते हुए पकड़ी गई थी। इसके बाद इसी साल रेप केस में फंसाने की धमकी देकर पैसे ऐंठने के मामले में उसे पकड़ा गया था।

वेबसाइट बना पुरुषों को फंसाती थी

पुलिस ने खुलासा किया था कि प्रिया सेठ ने एक वेबसाइट बनाकर पुरुषों को फंसाने का काम शुरू किया था। वो लोगों को फंसा कर पैसे ऐंठती और फिर फरार हो जाती थी। पुलिसिया पूछताछ में उसने खुद 1000 से ज्यादा लोगों को फंसाने की बात कबूल की थी। बताया जाता है कि प्रिया पहले सोशल मीडिया पर युवकों से दोस्ती करती, उनका स्टेटस देखती और फिर अपने प्रेमजाल में फंसाती।

अगले कदम में वह शख्स को अपने फ्लैट पर बुलाती और महंगी शराब पिलाती। फिर खुद ही अपने कपड़े फाड़ लेती और रेप के आरोप लगाने की धमकी देते हुए रुपयों की डिमांड करती थी। प्रिया ने खुद बताया था कि वो सबसे बड़ी डॉन बनना चाहती थी और इसी हसरत को लिए वो जरायम की दुनिया में उतरी थी।