राजस्थान के बांसवाड़ा से सनसनीखेज खबर सामने आई है। यहां पीपलवा गांव में एक पति ने पत्थर से कुचलकर पत्नी की हत्या कर दी। हत्या करने के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया। घटना से इलाके में दहशत है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

इस मामले में सीआई विक्रम सिंह सैनी का कहना है कि बांसवाड़ा शहर के पीपलवा गांव में 40 साल की महिला की उसके पति ने हत्या कर दी। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को जब्त पोस्टमार्टम के लिए महात्मा गांधी अस्पताल भेज दिया।

जानकारी के अनुसार, मृतका नाम दुर्गा है। वहीं आरोपी का नाम रमेश है। दोनों के चार बच्चे हैं। एक बेटी है जिसकी शादी हो गई है। दो बेटे दुर्गा के साथ रहते थे वहीं एक बेटा हरीश अपने चाचा के साथ रहता था। किसी ने मृतका के परिवार वालों को सूचना दी। जिसके बाद वे दुर्गा के ससुराल पहुंचे। देखते ही देखते घटना स्थल पर दोनों पक्षों की भीड़ जमा हो गई।

महिला के शरीर पर मिले चोट के निशान

सीआई सिंह सैनी के अनुसार, शुरुआती जांच में यह घरेलू कलह का मामला लग रहा है। महिला के शरीर पर चोट के निशान मिले हैं। उसके सीने के पास एक पड़ा सा निशान है। फिलहाल पुलिस मामले को संदिग्ध मानते हुए जांच कर रही है।

आरोपी के घर से लूटा गया सामान

दुर्गा का मायका पास के खैर डाबर गांव में है। खबर लगते ही मायके वालों की भीड़ जमा हो गई। वे अस्पताल पहुंचे। इसके बाद आस-पास के लोग रमेश के घर पर एकत्र हो गए और वहां से पूरा सामान उठा ले गए। काफी देर तक दोनों पक्षों में समझौते को लेकर बातचीत हुई। वहीं पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने दुर्गा के शव को मायके वालों को सौंप दिया। फिलहाल मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।