राजस्थान के सवाई माधोपुर में लड़की से दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने 5 लोगों को गिरफ्तार किया है। जिन लोगों को गिरफ्तार किया गया है उनमें भारतीय जनता पार्टी (BJP) की महिला मोर्चा की पूर्व जिलाध्यक्ष सुनीता वर्मा शामिल हैं। पुलिस ने इस मामले में हीरा लाल नाम के एक और शख्स को गिरफ्तार किया है। यहां के पुलिस अधीक्षक ओपी सोलंकी ने बताया कि लड़की से दुष्कर्म के मामले में पूनम चौधरी नाम की एक महिला को भी पकड़ा गया है जो शुरुआती तौर पर कांग्रेस की महिला नेता बताई जा रही है। लड़की ने आरोप लगाया है कि उसके साथ 8 बार अलग-अलग जगहों पर दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया गया है।

कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में कहा जा रहा है कि पीड़िता के परिजनों ने पुलिस को अपनी शिकायत में बताया था कि पूर्व भाजपा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष सुनीता वर्मा और उसकी साथी पूनम चौधरी ने नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर और पैसों का लालच देकर दुष्कर्म कराने का काम किया है।

शिकायत के मुताबिक वर्मा ने नाबालिग को लालच दिया कि वो उसकी जिंदगी बना देगी और इसी तरह का लालच देकर नाबालिग को कई लोगों के पास भेजा गया, जहां नाबालिग के साथ दुष्कर्म किया गया। नाबालिग ने जब इसका विरोध किया तो उसके अश्लील फोटो सोशल मीडिया पर वायरल कराकर बदनाम करने और उसकी जिंदगी खराब करने की धमकी दी गई।

भाजपा की पूर्व जिलाध्यक्ष पर आरोप है कि उनका पैसा किसी इलेक्ट्रिशियन के पास बकाया था। उन्होंने पैसा चुकाने के बदले लड़की को इलेक्ट्रिशियन के हवाले कर दिया और फिर उसने भी लड़की से दुष्कर्म किया। पुलिस ने आरोपी इलेक्ट्रिशियन राजूलाल रैगर को गिरफ्तार कर लिया है।

‘आज तक’ ने अपनी रिपोर्ट में बताया है कि पीड़ित नाबालिग लड़की ने पुलिस को बताया है कि बीजेपी और कांग्रेस की ये दोनों जिला स्तर की नेता राज्य के दूसरे बड़े नेताओं के साथ मिलकर सेक्स रैकेट चला रही थीं और लड़कियों को दूसरे जिलों में भी भेजा जा रहा था। पुलिस इस मामले की गहराई से छानबीन कर रही है।