ऐ मोहब्बत तेरे अंजाम पे रोना आया, जाने क्यों आज तेरे नाम पे रोना आया…ये लाइनें इस प्रेम कहानी पर सटीक बैठती हैं। अपने प्यार को पाने के लिए थर्ड जेंडर राहुल ने सारी कोशिशें की। वह राहुल से रागिनी बन गया। उसने अपना सबकुछ अपने प्यार पर न्योछावर कर दिया मगर बदले में उसे तिरस्कार ही मिला। मामला यूपी के कौशांबी जिले का है। यहां रहने वाला एक किन्नर राहुल अपने प्यार को पाने के लिए अपनी सारी जमा पूंजी खर्च कर लड़की बन गया। उसने लिंग चेंज कराने के लिए करीब 8 लाख रुपये खर्च कर दिए। इसके बाद उसने अपने प्रेमी से मंदिर में शादी कर ली। उसे लगा अब सबकुछ ठीक हो जाएगा। उसे परिवार मिलेगा और प्यार भी। हालांकि उसकी किस्मत में औऱ इम्तेहान होने बाकी थे। मामला कौशांबी क्षेत्र के दुल्हनियापुर का है।

शादी के बाद सब सही चल रहा था। उसकी खुशियां सातवें आसमान पर थीं। पति-पत्नी दोनों क्वालिटी टाइम बिता रहे थे मगर उनके खुशियों को तब नजर लग गई जब प्रेमी अपने घरवालों के पास रहने के लिए रागिनी को छोड़कर चला गया। इसके बाद उसने रागिनी से मिलना-जुलना बंद कर दिया। प्रेमी ने उसका फोन उठाना बंद कर दिया है। वह उससे मिलता भी नहीं है। इससे परेशान होकर रागिनी उसके घर गई। वह पति से मिलना चाहती थी मगर उसे मारा पीटा गया औऱ घर से भगा दिया गया।

दरअसल, प्रेमी के कहने पर ही राहुल ने अपने 8 लाख रुपये लगाकर लिंग चेंज कराया था। अब वह एक लड़की है। उसे समझ नहीं आ रहा है कि अब वह क्या करे? कहां जाए? उसके पास पैसे खत्म होने वाले हैं। उसे परेशानियों ने घेर लिया है। बचपन में माता-पिता को जब पता चला कि वह एक किन्नर है तो उसके साथ भेदभाव किया गया। परेशान होकर उसने अपना घर छोड़ दिया। होश संभालते ही उसने नाच-गाना शुरू किया और अपनी देखभाल की।

2016 में राहुल की मुलाकात सतीश से हुई

राहुल ने जैसे-तैसे करके अपनी जिंदगी संभाल ली थी। इसी दौरान 2016 में उसकी मुलाकात हिसामपुर गांव के रहने वाले सतीश उर्फ संतोष से हुई। दोनों की दोस्ती धीरे-धीरे प्यार में बदल गई। इसके बाद सतीश से शादी करने के लिए राहुल ने अपना जेंडर चेंज करा लिया। अब वह रागिनी बन गया था। दोनों ने मंदिर में शादी कर ली। शादी के चर्चे हुए। दोनों खुशी-खुशी जिंदगी जी रहे थे कि 6 महीने बाद ही सतीश के घरवाले आए और उसे अपने साथ ले गए। सतीश भी उनके साथ चला गया। घर जाने के बाद सतीश पूरा बदल गया। वह राहुल से बात भी नहीं करता है मिलना तो दूर की बात है। अब परेशान होकर सतीश ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है। इस मामले में एसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। आरोपी के खिलाफ जांच होने के बाद कार्रवाई की जाएगी।