पंजाब के मोगा जिले में सोमवार को एक स्थानीय कांग्रेस नेता की उनके आवास पर गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस के अनुसार, कुछ अज्ञात हमलावर कांग्रेस के स्थानीय नेता बलजिंदर सिंह बल्ली के घर में घुस गए और गोलीबारी की। घटना डाला गांव में बल्ली के घर के बाहर लगे सीसीटीवी में कैद हो गई। बल्ली अजीतवाल में कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्ष थे। घटना के कुछ घंटों बाद कनाडा स्थित खालिस्तानी आतंकवादी अर्श दल्ला ने विस्तार से लिखे एक फेसबुक पोस्ट में हत्या की जिम्मेदारी ली।

फेसबुक पोस्ट पर बल्ली की हत्या की जिम्मेदारी लेने वाला अर्श दल्ला कौन है?

अपने फेसबुक पोस्ट में अर्श दल्ला ने आरोप लगाया कि बलजिंदर सिंह बल्ली ने उसका भविष्य बर्बाद कर दिया और उसे गैंगस्टर कल्चर में धकेल दिया। उन्होंने यह भी जिक्र किया कि उनकी मां की पुलिस हिरासत के पीछे कांग्रेस नेता का हाथ था, जिसने उसे बदला लेने के लिए प्रेरित किया। अर्श दल्ला एक सूचीबद्ध आतंकवादी (Listed Terrorist) है और राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) द्वारा वांछित (Wanted) है। खालिस्तानी आतंकी अर्श दल्ला पिछले तीन से चार वर्षों से कनाडा से काम कर रहा है और पंजाब में कई आतंकवादी हत्याओं में शामिल रहा है।

घर पर बाल कटवा रहे कांग्रेस नेता को फोन कर बाहर बुलाया और मारी गोली

चश्मदीदों के मुताबिक बलजिंदर सिंह बल्ली अपने घर पर बाल कटवा रहे थे। उनको एक अज्ञात व्यक्ति का फोन आया जिसने कथित तौर पर उनसे कुछ दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करने का अनुरोध किया। बल्ली इसे रोजमर्रा की बात मानकर फोन करने वाले से मिलने के लिए अपने घर से निकल गया। तभी दो बाइक सवार हमलावरों ने बल्ली पर कई गोलियां चलाईं। इसके बाद हमलवार मौके से भागने में कामयाब रहे।

सीसीटीवी फुटेज में भागते दिखे बाइक सवार हमलावर, मौके पर पहुंची पुलिस

कांग्रेस नेता बल्ली के घर के बाहर लगे सीसीटीवी में हमलावरों को हमले के तुरंत बाद घटनास्थल से भागते हुए देखा गया है। गोलीबारी में बलजिंदर सिंह बल्ली गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके बाद आनन-फानन में उन्हें नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। वहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। घटना के बारे में स्थानीय अधिकारियों को सतर्क कर दिया गया और पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जे एलनचेझियन ने कई सनियर अधिकारियों के साथ तुरंत घटनास्थल का दौरा किया। उन्होंने कहा कि हमलावरों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

नेता की हत्या के बाद भगवंत मान सरकार पर बिफरी पंजाब कांग्रेस, आंदोलन की चेतावनी

पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग और पंजाब कांग्रेस के वरिष्ठ नेता प्रताप सिंह बाजवा ने अपनी पार्टी के नेता के इस जघन्य हत्याकांड की कड़ी निंदा की और भगवंत मान सरकार की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए। सोशल मीडिया साइट एक्स (पूर्व ट्विटर) पर बाजवा ने एक पोस्ट लिखकर कहा कि मोगा के अजीतवाल ब्लॉक के कांग्रेस अध्यक्ष बलजिंदर सिंह बल्ली की आज उनके आवास पर गोली मारकर हत्या कर दी गई।

Punjab Ludhiana Gas Leak: ऑक्सीजन बनाने वाली फैक्ट्री में गैस लीक से मचा हड़कंप, 5 लोग बेहोश | Video

बाजवा ने कहा कि पंजाब में जब से आम आदमी पार्टी ने सरकार बनाई है, कानून व्यवस्था की स्थिति पूरी तरह से ध्वस्त हो गई है। पंजाब में अपराध बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री भगवंत मान के पास गृह विभाग भी है। इसलिए बिगड़ी कानून-व्यवस्था के लिए वह सीधे तौर पर जिम्मेदार हैं। कांग्रेस नेता की हत्या के दोषियों को जल्द गिरफ्तार करना चाहिए। वर्ना पंजाब कांग्रेस इसके लिए सड़क से सदन तक संघर्ष शुरू करेगी।