Coronavirus, (COVID-19) Congress Leader Arrested After Man Committed Suicide: सुसाइड से जुड़े एक मामले में पंजाब कांग्रेस की नेता पूनम कांगड़ा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पूनम कांगड़ा राज्य अनुसूचित आय़ोग की सदस्य भी हैं। पुलिस ने कांग्रेस नेत्री के अलावा उनके पति दर्शन कांगड़ा और इनके एक बेटे विकासदीप को भी गिरफ्तार कर लिया है।
बताया जा रहा है कि इन सभी को रविवार (14-06-2020) की रात को गिरफ्तार किया है। सभी पर आरोप है कि इन लोगों ने एक स्थानीय युवक को सुसाइड करने के लिए उकसाया है। इस मामले की जानकारी यहां के उप पुलिस अधीक्षक, संगरुर (रुरल) सतपाल शर्मा ने दी है।
इससे पहले पुलिस ने कांगड़ा, उनके पति और बेटे के खिलाफ 4 जून को केस दर्ज किया गया था। दरअसल 50 साल के बुजुर्ग संजीव कुमार ने आत्महत्या की कोशिश की थी और पटियाला के Government Rajindra Hospital में उनकी मौत हो गई थी। उन्होंने इसलिए सुसाइड किया था क्योंकि कांग्रेस नेत्री का बेटा विकासदीप घटना से एक रात पहले संजीव कुमार की बेटी के साथ कहीं चला गया था।
इसके बाद यह कहा जा रहा था कि अपने पारिवारिक रसूख की वजह से विकासदीप इस लड़की को जबरदस्ती उसके घर से लेकर गया था। लड़की के पिता इस बात से काफी परेशान और सदमे में थे। जिसके बाद तनाव में आकर उन्होंने खुदकुशी कर ली।
कुछ मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक लड़की के पिता ने जहर खाकर अपनी जान दे दी थी। इसी मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने अब कांग्रेस नेता और उनके घरवालों पर कार्रवाई की है। संजीव कुमार के आत्महत्या के मामले में पंजाब एसटी कमीशन की सदस्य पूनम कांगड़ा समेत पांच लोगों को आरोपी बनाया गया है।
मृतक के परिजनों का कहना है कि कांग्रेस नेता का बेटा जबरन लड़की से शादी करने की धमकियां दिया करता था। पीड़ित परिवार का यह भी कहना है कि इस बात की शिकायत करने पर कांग्रेस नेता के परिवार के तरफ से उन्हें भी धमकियां मिलती थीं।
हालांकि पुलिस ने इस मामले में तुरंत कांग्रेस नेता पर कार्रवाई नहीं की थी। दरअसल संजीव कुमार के आत्हमत्या करने के बाद यहां लोग आक्रोशित हो गए थे और लोगों ने उनकी मौत के अगले ही दिन उनके शव के साथ संगरुर-बरनाला फ्लाईओवर को जाम कर दिया था और कांग्रेस नेता पर कार्रवाई की मांग की थी। जिसके बाद मामला बढ़ता देख पुलिस ने यह कार्रवाई की है।
