Gangrape in Pune: महाराष्ट्र का पुणे जिसे लड़कियों के लिए काफी सेफ शहर माना जाता है से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां देर रात दरिदों ने दोस्त के साथ घूमने निकली लड़की के साथ गैंगरेप किया। फिर बड़े आराम से मौके पर से फरार हो गए। मामले में फिलहाल एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. दो की तलाश जारी है.
नेटवर्क18 के मुताबिक 21 साल की लड़की जो जलगांव की रहनेवाली है, सूरत निवासी अपने दोस्त के साथ देर रात घूमने निकली थी। दोनों कॉलेज स्टूडेंट्स हैं। इसी दौरान तीन लड़कों ने उन्हें पकड़ लिया और कार में बैठाकर सुनसान जगह पर ले गए। वहां पहले तो उन्होंने पीड़िता के साथ रहे लड़के से मारपीट की। फिर उसी के सामने बारी-बारी से युवती के साथ रेप किया और भाग गए।
घटना के बाद युवक ने पीड़िता को अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज चल रहा है। घटना के संबंध में पुलिस ने कहा कि शुक्रवार को सुबह पांच बजे उन्हें घटना की सूचना मिली। युवती के साथ गैंगरेप करने वालों में से एक गिरफ्तार कर लिया गया है. गिरफ्तार आरोपी की पहचान कोंधवा निवासी 36 वर्षीय शख्स के रूप में किया गया है। पुलिस अन्य दो आरोपियों के गिरफ्तारी के लिए की कोशिश कर रही है। पुणे और नजदीक के इलाकों में छापेमारी हो रही है।
पुलिस की मानें तो यह घटना तब हुई जब पीड़िता और उसका दोस्त बोपदेव घाट इलाके में थे। आरोपियों में से एक ने खुद को मानवाधिकार कार्यकर्ता बताते हुए उनके कार के पास पहुंचा।
आरोपियों ने दावा किया कि इलाके में कपल की एंट्री पर प्रतिबंध है और उन्होंने दोनों की तस्वीरें ले लीं। इसके बाद आरोपियों में से एक ने महिला को धमकाया और उसे अपनी कार में जबरदस्ती बैठा लिया। फिर उसे एक अलग स्थान पर ले जाने के बाद, उन्होंने कार रोकी और उसके साथ गैंग रेप किया।
इधर, इस खौफनाक घटना पर एनसीपी नेता सुप्रिया सुले ने चिंता और गुस्सा व्यक्त किया है। उन्होंने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, ” पुणे में क्या चल रहा है? बोपदेव घाट में एक युवती से गैंगरेप की घटना सामने आई है। पुणे और राज्य भर में महिलाओं के खिलाफ हिंसा की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। इन घटनाओं को रोकने के लिए गृह विभाग कुछ करता नजर नहीं आ रहा है. दुर्भाग्य से यह कहना पड़ रहा है कि महाराष्ट्र महिलाओं के लिए सुरक्षित नहीं है। सरकार को उक्त घटना के आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए।”
