उत्तर प्रदेश के प्रयागराज से हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। प्रयागराज में एक महिला की मौत हो गई, जिसके बाद उसके मायकेवालों ने ससुराल पक्ष में जमकर हंगामा किया। 18 मार्च को प्रयागराज के धूमनगंज थाना क्षेत्र के मुट्ठीगंज इलाके की रहने वाली अंशिका केसरवानी का शव फंदे से लटका मिला था।
जैसे ही अंशिका की मौत की खबर उसके परिजनों को मिली, तो वह सभी ससुराल पहुंच गए और वहां पर जमकर मारपीट हुई। हैरानी की बात यह रही कि अंशिका के घरवालों ने ससुराल पक्ष के लोगों को एक घर में बंद कर दिया और उसमें आग लगा दी। इस घटना में अंशिका के सास-ससुर की मौत हो गई। इसके बाद भारी संख्या में पुलिस बल पहुंची और तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। अंशिका के परिवारवालों ने उसके ससुराल पक्ष पर दहेज प्रताड़ना का आरोप लगाया है। साथ ही हत्या का भी आरोप है।
प्रयागराज के डीसीपी सिटी दीपक भूकर ने घटना के संबंध में बात करते हुए कहा कि पुलिस को रात 11 बजे सूचना मिली थी कि एक महिला ने आत्महत्या कर ली है। मौके पर पुलिस पहुंची और वहां पर मायके और ससुराल पक्ष के लोग मौजूद थे। जब पुलिस वहां पहुंची थी तो दोनों पक्षों के लोग आपस में झगड़ा कर रहे थे।
पुलिस के अनुसार मायके पक्ष द्वारा ससुराल पक्ष के घर में आग लगाई गई। इसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। पांच लोगों को बाहर निकाला गया। मौके पर फायर ब्रिगेड भी पहुंची और आग पर काबू पाया गया। जब आग बुझ गई तो सुबह 3 बजे मकान में सर्च ऑपरेशन किया गया और उसमें दो डेड बॉडी मिली। एक बॉडी राजेंद्र केसरवानी की है तो दूसरी शोभा देवी की। दोनों अंशिका के सास ससुर थे।
14 साल के लड़के ने किया दुष्कर्म
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में एक 14 साल के लड़के ने तीन साल की मासूम का दुष्कर्म कर उसकी हत्या कर दी। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। पुलिस अधिकारियों ने इस घटना की जानकारी दी। घटना पर बिलासपुर जिले के पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने बताया कि यहां सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में रविवार को एक बालिका के साथ बलात्कार और उसकी हत्या के आरोप में पुलिस ने एक 14 साल के किशोर को पकड़ा है।