महाराष्ट्र के कल्याण में 15 साल की लड़की के साथ 4 लड़कों ने दुष्कर्म किया है। प्रमुख आरोपी साहिल राजभर ने पीड़िता को यह कहकर बुलाया था कि उसकी गर्लफ्रेंड से अनबन हो गई है। वह दोनों के बीच हुई गलतफैमी को दूर करना चाहता है। इसलिए उसे मदद की जरूरत है। इसके बाद उसने पीड़िता को अपनी गर्लफ्रेंड के घर पर बुलाया। पीड़िता ने उसकी बात मान ली। उसे क्या पता था कि वह जिसकी भलाई के बारे में सोच रही है, जिसकी मदद करना चाह रही है वही उसे धोखा देने वाला है।

वह आरोपी और अपनी सहेली के बीच हुई गलतफैमी को दूर करने के लिए सहेली के घऱ पहुंच गई। जब वह अपनी सहेली के घर पहुंची तो आरोपी ने उसका दुष्कर्म किया। इसके बाद उसने अगले दिन तीन और लड़कों को बुला लिया। उन लड़कों ने भी लड़की का यौन उत्पीड़न किया। इतना ही नहीं, इसके बाद आरोपी ने लड़की को घर से बाहर जाने नहीं दिया।

पीड़िता जब देर रात तक अपने घर नहीं पहुंची तो परिवार के लोगों को चिंता होने लगी। इसके बाद उन्होंने अपहरण का मामला दर्ज कराया। वहीं आरोपी ने अगले दिन लड़की को घर से जाने दिया मगर किसी ने कुछ ना बताने की धमकी दी। उसने कहा कि अगर तुमने किसी से कुछ कहा तो ठीक नहीं होगा और मारपीट की भी धमकी दी।

पुलिस को लड़की कल्याण रेलवे स्टेशन के पास मिली। जब पुलिस ने पीड़िता से पूछताछ की तो पूरे मामले का खुलासा हुआ। फिलहाल कोलसेवाडी थाने में लड़कों के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज किया गया है। इन चारों में से एक लड़का नाबालिग है। पुलिस ने चारों आरोपियों को अदालत में पेश किया। जहां तीन आरोपियों को पांच दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया। वहीं नाबालिग को भिवंडी सुधार गृह भेजा गया है।

समझ नहीं आता कि लड़कियों के साथ इस तरह के अपराध के मामले कब रूकेंगे। NCRB के ताज़ा आंकड़ों के मुताबिक़, भारत में एक दिन में औसतन 87 रेप की घटना होती हैं। वहीं दिल्ली पुलिस का कहना है कि राजधानी में एक दिन में 5.6 रेप के मामले सामने आते हैं। NCRB का कहना है कि, लॉकडाउन के बाद रेप के मामलों में 13.23 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।