Alwar Gangrape Case को करीब एक महीना बीत चुका है, लेकिन पीड़िता अब तक सदमे से बाहर नहीं निकल पाई है। हालत ऐसी है कि उसे रातभर नींद तक नहीं आती है। जेहन में बार-बार वह डरावना दिन आ जाता है। उनका कहना है कि उन्होंने आरोपियों से कहा था, ‘‘हम दलित हैं। हमें छोड़ दो।’’ इसके बाद आरोपियों ने जवाब दिया कि दलित हमारा क्या बिगाड़ लेंगे? वहीं, पीड़िता के देवर ने पुलिस पर जानबूझकर मामले में देरी करने का आरोप लगाया। उसका कहना है कि अगर पुलिस समय पर आरोपियों को पकड़ लेती तो घटना का वीडियो वायरल होने से रोका जा सकता था। बता दें कि पुलिस ने सभी छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

आरोपी बोले- दलित हमारा क्या बिगाड़ पाएंगे? पीड़िता के अनुसार, यह घटना 26 अप्रैल को दोपहर 3 बजे हुई। उनके भतीजे की शादी थी। वह अपने पति के साथ बाइक पर कपड़े खरीदने जा रही थीं। रास्ते में 2 बाइक पर सवार 5 युवकों ने रोककर उनका नाम और जाति पूछी थी। पीड़िता ने खुद को दलित बताया तो आरोपियों ने कहा कि दलित हमारा क्या बिगाड़ पाएंगे?

National Hindi News, 21 May 2019 LIVE Updates: पढ़ें आज की बड़ी खबरें

पीड़िता का आरोप- वीडियो बनाने के लिए पति के साथ भी बनवाए संबंध : महिला का आरोप है कि आरोपियों ने उनके साथ रेप करने के बाद उसे अपने पति के साथ संबंध बनाने के लिए भी मजबूर किया। साथ ही, उसका वीडियो भी बनाया। आरोपियों ने मामले की जानकारी किसी को देने या पुलिस से शिकायत करने पर वीडियो ऑनलाइन शेयर करने की भी धमकी दी थी।

मां ने कहा- जो हुआ, भूल जाओः पीड़िता ने इस मामले की जानकारी अपनी मां को दी तो उन्होंने कहा कि जो हुआ, भूल जाओ। मां का कहना था कि आरोपियों के पास तुम्हारे वीडियो हैं, जो वे इंटरनेट पर डाल सकते हैं। हालांकि, पीड़िता की तरफ से कोई कार्रवाई नहीं होने पर आरोपियों का मनोबल बढ़ गया और वे फोन करके पैसे मांगने लगे।