बिहार में महनार थाना क्षेत्र के मनिक पट्टी गांव में दो पट्टेदारों के बीच विवाद हो गया। दोनों पक्षों की इस मारपीट में एक बुजुर्ग की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। इस घटना में करीब 10 लोग घायल हो गए हैं। जिसमें 6 महिलाएं भी शामिल हैं।
सभी घायलों को इलाज के लिए महनार अस्पताल में भर्ती किया गया है। जहां उनका इलाज चल रहा है। वहीं तीन की हालात गंभीर है जिन्हें हाजीपुर अस्पताल में रेफर किया गया है।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, जमीन के लिए हुआ यह विवाद उमेश साह और मृतक श्याम नंनद साह के बीच हुआ था। यह विवाद काफी पुराना है। इसी को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हुई और देखते ही देखते मामला बढ़ गया और मारपीट शुरू हो गई। जिसके बाद एक पक्ष के लोगों ने बुजुर्ग श्याम नंनद साह को पकड़ लिया और मारना शुरू कर दिया। जिसके बाद उनकी मौत हो गई। आरोप है कि इस विवाद में श्याम नंनद साह को पीट-पीटकर मार डाला। श्याम नंनद साह की भतीजी ने बताया कि दूसरे पक्ष के लोग लाठी-डंडे के साथ दरवाजे पर आए थे और मारपीट करने लगे।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया। वहीं मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फिलहाल पुलिस दो महिलाओं को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ कर रही है। वहीं मारपीट में शामिल बाकी लोग फरार बताए जा रहे हैं।
बिहार में सबसे ज्यादा जमीन को लेकर हत्या
एनसीआरबी (NCRB) के अनुसार, 2021 में मर्डर के मामले में बिहार देश में दूसरे नंबर पर था। बिहार में जनवरी से अगस्त 2022 के बीच हत्या के 2052 मामले दर्ज हुए। यानी बिहार में हर रोज करीब आठ मर्डर हुआ। वहीं हत्या की कोशिश के 8,393 मामले दर्ज हुए। जिसमें सबसे अधिक जमीन विवाद से जुड़े मामले रहे।
2021 में जमीनी विवाद से जुड़े करीब 3,336 मामले दर्ज किए गए, जिसमें हत्याएं भी हुईं। यानी बिहार में सबसे अधिक जमीनी विवाद होते हैं। जिसमें हत्याएं भी शामिल हैं। इससे साफ पता चलता है कि बिहार में अपराधियों के हौसलें कितने बुलंद है।