दिल्ली के निक्की यादव हत्याकांड में दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने शनिवार को साहिल गहलोत के पिता सहित पांच लोगों को अपने बेटे को षड्यंत्र में मदद करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। जानकारी के मुताबिक निक्की की हत्या के पांच आरोपियों में एक दिल्ली पुलिस का कांस्टेबल भी है।

साहिल की मौसी का बेटा है दिल्ली पुलिस में कांस्टेबल

पुलिस ने कहा कि साहिल के पिता, दो कज़िन और दो दोस्तों ने साजिश रचने में उसकी मदद की और फिर शव को फ्रिज में छिपा दिया। इस मामले के आरोपियों में से एक साहिल का कज़िन नवीन दिल्ली पुलिस में कांस्टेबल है। नवीन साहिल गहलोत का कज़िन है और दिल्ली पुलिस में कांस्टेबल है। वह डाबरी पुलिस स्टेशन में पोस्टेड है।

ढाबे के बाहर पहरा दे रहे थे आरोपी

दिल्ली पुलिस के मुताबिक, साहिल गहलोत शुरू से ही पुलिस को गुमराह करने की कोशिश कर रहा था। शुरुआत में उसने कहा था कि उसने अकेले ही कत्ल की इस वारदात को न सिर्फ अंजाम दिया बल्कि बॉडी को फ्रिज में भी उसने ही छिपाया। बाद में पुलिस की जांच में सामने आया कि साहिल जब मित्रों ढाबा में लाश को ठिकाने लगा रहा था तब बाकी 5 आरोपी ढाबे के बाहर पहरा दे रहे थे।

क्राइम ब्रांच ने बताया कि निक्की का मर्डर साहिल की दूसरी शादी के दिन किया गया था। शादी के पहले साहिल खुद मौजूद नहीं था। साहिल जब नहीं पहुंचा तो परिवार वालों को चिंता हुई। इसके बाद साहिल के पिता वीरेंद्र साहिल के भाइयों और दोस्तों के साथ साहिल को खोजने निकल गए। साहिल को ढूंढने के लिए ये लोग अलग-अलग निकले थे। पुलिस ने आगे बताया कि उस दिन साहिल का फोन स्विच ऑफ जा रहा था। जिसके बाद ये सभी साहिल से मिलने दिल्ली के पश्चिम विहार गए।

वहां से साहिल को लेकर भाई और दोस्त ढाबा पहुंचे। वहां निक्की की लाश मौजूद थी। साहिल जब ढाबे के फ्रिज में निक्की के शव को डाल रहा था, तब सभी आरोपी ढाबे के बाहर पहरा दे रहे थे। निक्की की बॉडी को ठिकाने लगाने के बाद साहिल वहां से अपने घर चला गया।