बेंगलुरु से एक हैरान करने वाली खबर सामने आई है। दरअसल, एक यात्री नागपुर से बेंगलुरु जाने वाली इंडिगो की फ्लाइट में आपातकालीन निकास (Emergency exit door) खोलने की कोशिश करने लगा। उसे देखकर फ्लाइट में सवार अन्य यात्रियों की सांस अटक गई। हालांकि क्रू मेंबर ने समय रहते मामले को संभाल लिया और शख्स को लैंडिंग के बाद पुलिस के हवाले कर दिया। रिपोर्ट के अनुसार, उसकी सीट ‘इमरजेंसी डोर’ के करीब थी। अचानक वह अपनी सीट से उठा और ‘इमरजेंसी डोर’ खोलने लगा।

थोड़ी देर बाद होने वाली थी लैंडिंग

उस वक्त विमान हवा में था। थोड़ी देर बाद ही फ्लाइट की लैंडिंग होने वाली थी। क्रू मेंबर लैंडिंग से पहले यात्रियों को उड़ान संबंधी जानकारी दे रहे थे। शख्स की इस हरकत पर फ्लाइट में बैठे लोग सकते में आ गए। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। चलिए बताते हैं कि पूरा मामला क्या है।

हवा में खोलने लगा फ्लाइट का दरवाजा

पुलिस ने बताया कि आरोपी की पहचान स्वप्निल होले के रूप में हुई है। वह 30 सितंबर को रात करीब 10 बजे नागपुर से इंडिगो की बेंगलुरु जाने वाली उड़ान संख्या 6ई 6803 में चढ़ा था। पुलिस के मुताबिक, यात्री विमान के आपातकालीन निकास द्वार के पास बैठा था। विमान जब लैंड होने वाली थी, उससे पहले क्रू मेंबर यात्रियों को उड़ान संबंधी जानकारी दे रहे थे तभी आरोपी ने कथित रूप से दरवाजे को खोलने की कोशिश की।

लैंडिंग के बाद पहुंचा थाने

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि विमान रात 11.55 बजे जब यहां केंपेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर लैंड हुई। इसके बाद एयरलाइन कर्मी आरोपी यात्री होले को थाने ले गए। पुलिस ने बताया कि होले को एक अक्टूबर को बैंकॉक की फ्लाइट लेनी थी। एयरलाइन कर्मियों की शिकायत पर भारतीय दंड संहिता की धारा 336 (दूसरों के जीवन या निजी सुरक्षा को खतरे में डालने वाले कृत्य) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। हालांकि बाद में उसे जमानत पर छोड़ दिया गया।