कर्नाटक के मैसूर से हैरान करने वाली खबर सामने आई है। यहां एक पति ने अपनी पत्नी को 12 साल तक घर में कैद रखा। उसे प्रताड़ित किया। पत्नी ने दावा किया है कि पति उसे टॉयलेट भी नहीं जाने देता था। टॉयलेट के लिए पति ने उसके कमरे में एक छोटा सा बॉक्स रखा था। फिलहाल पुलिस ने महिला को बचा लिया है।

दरअसल, पुलिस ने उस महिला को आजाद करा लिया है जिसके पित ने उसे 12 सालों तक कैद करके रखा था। हालांकि पत्नी ने पति के खिलाफ मामला दर्ज कराने से इनकार कर दिया है। महिला ने कहा है कि वह अपने माता-पिता के साथ रहना चाहती थी।

महिला की उम्र 30 साल है। उसके पति ने उसे 12 सालों से घर में कैद करके रखा था। महिला ने बताया कि वह टॉयलेट के लिए छोटे से बक्से का इस्तेमाल करने के लिए मजबूर थी। पीड़ित महिला ने दावा किया है कि उसके दो बच्चे हैं। बच्चे स्कूल से आने के बाद घर के बाहर पिता के आने का इंतजार करते थे। जब तक पति काम से लौट कर नहीं आता था बच्चों को घर के अंदर जाने की परमिशन नहीं थी। पति ताला बंद करके जाता था। पति के आने के बाद ही बच्चे घर के अंदर जाते थे। महिला अपने बच्चों को खिड़की से खाना देती थी।

महिला ने बताई आपबीती

महिला ने बताया, “मेरी शादी को 12 साल हो गए हैं। वह हमेशा मुझे घर में बंद रखता था और प्रताड़ित करता था। इलाके में कोई भी उससे सवाल नहीं करता था… मेरे बच्चे स्कूल जाते हैं लेकिन वे तब तक बाहर रहते हैं जब तक मेरे पति काम से वापस नहीं आ जाते। मैं उन्हें खिड़की से खाना देती थी।”

मामले में एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि महिला पिछले दो- तीन सप्ताह से अपने घर के अंदर ही कैद थी। उसके बाहर आने-जाने पर पाबंदी थी। वह पहले भी अपने माता-पिता के घर जा चुकी है। पति काम पर जाने से पहले उसे घर के अंदर बंद कर देता था। उसकी काउंसलिंग भी की गई है।”

दरअसल, महिला पुरुष की तीसरी पत्नी है। महिला को बचाए जाने के बाद उसकी काउंसलिंग की गई, जिसके बाद उसने कहा कि वह अपने पति के खिलाफ शिकायत दर्ज नहीं करना चाहती है। फिलहाल वह अपने माता-पिता के घर पर रहेगी।