उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले में एक महिला को कथित रुप से जलाकर मार डालने के आरोप में पुलिस ने उसके पति को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, महिला के पति पर उसे मार डालने का आरोप लगा था इसलिए उसे गिरफ्तार किया गया है। गौरतलब है कि मृतक महिला की मां मीना ने आरोपी दामाद के खिलाफ दहेज का मामला दर्ज करवाई थी। मामले की जांच में पुलिस लगी है।
क्या है पूरा मामलाः पुलिस के अनुसार, आरोपी दिनेश किसी पारिवारिक विवाद के कारण अपनी पत्नी अनुराधा को जलाकर मार डाला। यह घटना मुजफ्फरनगर के खतौली की है। थाना प्रभारी ने बताया कि अनुराधा के पति दिनेश के खिलाफ घटना के संबंध में मामला दर्ज किया गया है। इसी आरोप में उसकी गिरफ्तारी हुई है। पुलिस के मुताबिक, घटना को अंजाम देते वक्त पति भी झुलस गया था जिलका इलाज मेरठ के मेडिकल कॉलेज में चल रहा है।
Hindi News Today, 23 October 2019 LIVE Updates
पति पर पैसों की मांग का लगा था आरोपः बताया जा रहा है कि पति को काम नहीं मिलने के कारण वह ससुराल में ही रह रहा था। पति पर यह भी आरोप है कि वह अकसर ससुराल वालों से पैसे भी मांगता था। उस पर मृतक पत्नी के साथ मारपीट करने की भी बात सामने आई है। घटना के वक्त घर पर कोई नहीं था। पति पत्नी में विवाद कुछ इस तरह बढ़ गए कि पति ने उसे जला ही डाला। परिवार वालों ने यह भी बताया कि वह नशे का भी आदी था।
पीड़िता की अस्पताल में हुई मौतः मामले में थाना प्रभारी संतोष कुमार त्यागी ने बताया कि यह घटना 13 अक्टूबर को खतौली में हुई थी। घटना के बाद पीड़िता अनुराधा को अस्पताल ले जाया गया था। महिला ने अस्पताल में ही दम तोड़ दिया था। इसके बाद पुलिस ने महिला की लाश को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
