Mumbai Pune Expressway: महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले के खोपोली इलाके में मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर गुरुवार को एक ट्रक चालक ने अपना नियंत्रण खो दिया और ग्यारह कारों में टक्कर मार दी। इस हादसे में छह लोगों को चोटें आईं। इनमें चार महिलाएं शामिल थीं। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक यह दुर्घटना दोपहर करीब एक बजे हुई। इसके बाद घायलों को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया।
रायगढ़ के पुलिस अधीक्षक सोमनाथ घार्गे ने दी जानकारी
रायगढ़ के पुलिस अधीक्षक सोमनाथ घार्गे ने कहा, “प्राथमिक रिपोर्ट के अनुसार, हमें पता चला है कि जिस दिशा में सभी वाहन जा रहे थे, उस दिशा में एक ढलान थी। वाहनों की गति कम थी जिस दौरान उसी दिशा में जा रहे ट्रक ने कथित तौर पर नियंत्रण खो दिया और आगे चल रहे वाहनों से टकरा गया। इससे पहले समाचार एजेंसी एएनआई पर मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर खोपोली के पास सात गाड़ियों के आपस में टकराने और चार लोगों के घायल होने की खबर सामने आई थी।
पांच घायलों की शाम तक अस्पताल से छुट्टी, एक मुंबई रेफर
पुलिस अधिकारी सोमनाथ घार्गे ने कहा कि हादसे के बाद छह घायलों को अस्पताल ले जाया गया। इनमें से पांच को दिन खत्म होने तक छुट्टी दे दी गई। उन्होंने कहा, “एक व्यक्ति को गंभीर चोटें आई हैं, जिसके कारण उसे मुंबई के एक अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है।” घार्गे ने कहा कि उन्होंने ट्रक चालक के खिलाफ लापरवाही से गाड़ी चलाने का मामला दर्ज करने के बाद आगे की कानूनी प्रक्रिया कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि घटना में किसी की मौत नहीं हुई है, लेकिन इसमें शामिल सभी वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे के कारण मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर कुछ घंटों के लिए यातायात जाम हो गया था, जिसे बाद में साफ कर दिया गया।
इस वजह से एक के बाद एक भिड़ती गईं गाड़ियां
जानकारी के मुताबिक मुंबई- पुणे एक्सप्रेसवे पर एक गाड़ी के अचानक ब्रेक मारने से तेज रफ्तार में आ रही बाकी गाड़ियों का एक के बाद एक संतुलन बिगड़ता चला गया गया और वो आपस में टकरा गईं। इसके अलावा एक ट्रक बेकाबू होने के बाद उन गाड़ियों को रौंद दिया। मौके पर पहुंची पुलिस इस बात का पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आखिर एक्सप्रेसवे के बीच इतना बड़ा हादसा क्यों नहीं रोका जा सका है।