मुंबई पुलिस ने रविवार को विस्फोटकों को मुंबई से गोवा ले जाए जाने की झूठी कॉल करने के आरोप में एक शख्स को गिरफ्तार किया। मुंबई पुलिस कंट्रोल रूम को रविवार देर रात करीब 1.10 बजे एक शख्स ने कॉल किया था। उसने अपना नाम पांडे बताया था। फोन करने वाले ने बताया कि दो पाकिस्तानी नागरिक एक सफेद टैंकर में आरडीएक्स लेकर गोवा की ओर जा रहे थे।

सनसनीखेज फोन आते ही मुंबई पुलिस ने गोवा पुलिस को किया सतर्क

सनसनीखेज फोन आते ही मुंबई पुलिस ने गोवा पुलिस के बड़े अधिकारियों को तुरंत सतर्क कर दिया। गोवा पुलिस ने भी धमकी की गंभीरता को देखते हुए फोन करने वाले का पता लगाना शुरू कर दिया। फोन करने वाले की पहचान 45 साल के नीलेश पांडे के रूप में हुई। उसे कांजुर मार्ग से गिरफ्तार किया गया जहां वह छिपा हुआ था।

आरोपी पांडे के खिलाफ पहले भी तीन मामले दर्ज, की जा रही पूछताछ

पुलिस ने कहा कि पांडे के खिलाफ पहले भी तीन मामले दर्ज हैं और यह पता लगाने के लिए जांच की जा रही है कि उसने फोन क्यों किया था। क्या यह करतूत उसने निजी तौर पर की थी या इसके पीछे कोई और वजह है। दूसरी ओर मुंबई पुलिस को हर महीने धमकी भरे कई कॉल आते रहते हैं। इसलिए पुलिस को उसके पैटर्न देखकर ही अंदाजा हो जाता है कि धमकी को संजीदगी से लेना है या फर्जी संदेश है। हालांकि पुलिस एहतियातन सभी मामलों की तह तक जांच करती है।

मुंबई पुलिस को बीते दिनों मिली थी व्हाट्सएप और ट्विटर पर धमकी

इससे पहले जून महीने में एक अनजान शख्स ने मुंबई पुलिस को मुंबई और पुणे के कई हिस्सों में बम धमाके करने की धमकी देने वाले पांच व्हाट्सएप मैसेज भेजे थे। अधिकारियों ने बताया था कि आरोपी ने दोनों धमाके रोकने के लिए दो लाख रुपये की फिरौती की मांग भी की थी। अंबोली पुलिस स्टेशन के एक अधिकारी को गुरुवार को भेजे गए मैसेज में उसने धमकी दी थी कि 24 जून की शाम को पुणे के अलावा मुंबई के अंधेरी-कुर्ला इलाके में बम धमाके होंगे। इस बात से पुलिस भी हैरान थी कि अब तक फोन कॉल या इमेल के जरिए धमकियां मिलती थीं मगर अब व्हाट्सएप और ट्विटर के जरिए धमकी दी जाने लगी है।

पुणे के Google ऑफिस को बम से उड़ाने की धमकी, पुलिस ने हैदराबाद से पकड़ा कॉलर | Video