मुंबई की एक महिला डॉक्टर के साथ दुष्कर्म के बाद ब्लैकमेल कर जबरन वसूली का मामला सामने आया है। महिला डॉक्टर की शिकायत के बाद पुलिस ने एक 30 साल के शख्स को गिरफ्तार किया है। महिला डॉक्टर ने शख्स पर नशीला पदार्थ पिलाकर दुष्कर्म करने और फिर ब्लैकमेल कर जबरन वसूली का आरोप लगाया है। रिपोर्ट के अनुसार, महिला ने पिछले हफ्ते क्षिण मुंबई के गामदेवी पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई थी। महिला ने अपनी शिकायत में कहा कि तारदेव इलाके के एक क्लब में बैडमिंटन सत्र के दौरान उसकी आरोपी शख्स से मुलाकात हुई। इसके बाद दोनों में दोस्ती हो गई।

दोस्ती कर दिया धोखा

इस समय महिला का उसके पति से घरेलू विवाद चल रहा था। जिस कारण वह अपने पति के साथ नहीं रह रही थी। आरोपी ने उससे दोस्ती की और उसकी जिंदगी के बारे में बातचीत करनी शुरू कर दी। आरोपी ने कहा कि वह उसके पति के साथ चल रहे अनबन को सुलझाने में उसकी मदद करेगा। 20 अगस्त को उसने इस मुद्दे पर बात करने के लिए महिला को एक क्लब बुलाया। महिला की शिकायत के अनुसार, वह उससे मिलने मरीन ड्राइव के एक क्लब में गई। जहां आरोपी ने उसके ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिला दिया। इसके बाद वह कार से उसके घऱ पर गया। जहां दोनों ने थोड़ी शराब पी। महिला के अनुसार, जब वह शराब के नशे में थी तो आरोपी ने उसका यौन उत्पीड़न किया।

आरोपी ने किया ब्लैकमेल

इसके बाद उसने अक्टूबर में उससे पैसे मांगने शुरू कर दिए। शुरुआत में पीड़िता उसकी बात मान गई और उसे पैसे दे दिए। इसके बाद उसने दोबारा पैसे मांगे। इस बार महिला ने उसे पैसे देने से मना कर दिया। इसके बाद आरोपी ने पीड़िता को ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। उसने धमकी दी कि वह महिला की चैट और वीडियो उसके पति और उसके दोस्तों को भेज देगा।

डर के मारे महिला ने कथित तौर पर आरोपी को 3.33 लाख रूपये दिए। हालांकि इसके बाद उसकी डिमांड बढ़ने लगी। आखिरकार तंग आकर महिला ने पुलिस से संपर्क किया। मामले में अधिकारी का कहना है कि भारतीय दंड संहिता की धारा 376 (बलात्कार) और 384 (जबरन वसूली) के तहत आरोपी शख्स को गिरफ्तार किया गया है। आगे की जांच की जा रही है।