मुंबई में बुजुर्ग महिला को कुरियर सर्विस का नंबर गूगल करना भारी पड़ गया। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, घटना में 80 वर्षीय महिला ने कुरियर सेवा के लिए इंटरनेट पर नंबर सर्च किए थे। इसमें में एक नंबर द्वारा जालसाज ने उसके साथ धोखाधड़ी कर दी। इस घटना में महिला को अपने साथ 4.7 लाख रुपये की ठगी की सूचना तब मिली जब वह बैंक पहुंची थी।

पुलिस अधिकारियों ने मामले की जानकारी देते हुए कहा कि मुंबई के जुहू में एक 80 वर्षीय महिला एक कुरियर सेवा इस्तेमाल करने के चक्कर में साइबर धोखाधड़ी का शिकार हो गई। पुलिस ने इस संबंध में जुहू पुलिस द्वारा 11 अप्रैल को एक प्राथमिकी दर्ज की है। महिला के मुताबिक, उसके बैंक खाते से करीब 4.70 लाख रुपयों का लेन-देन किया गया है।

शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि वह 6 अप्रैल को कुरियर द्वारा एक साड़ी भेजना चाहती थी, जिसके लिए उसने कुरियर सर्विस के लिए गूगल पर नंबर सर्च किया था। बुजुर्ग महिला, इस बात से बिल्कुल अनजान थी कि साइबर अपराधी अक्सर भोले-भाले इंटरनेट उपयोगकर्ताओं को धोखा देने के लिए फर्जी कस्टमर केयर नंबर ऑनलाइन अपलोड कर देते हैं।

पुलिस ने कहा कि, महिला द्वारा अनजाने में ऐसे ही एक नंबर पर संपर्क करने के बाद उससे पंजीकरण शुल्क के रूप में 10 रुपये मांगे गए। फिर कहा गया कि एक आदमी पार्सल लेने के लिए उसके पास जाएगा। अधिकारियों ने बताया कि इसके बाद महिला को मोबाइल पर मैसेज के जरिए एक लिंक भेजा गया, जिसमें उसका यूपीआई विवरण मांगा गया और फिर महिला ने उसे जानकारी साझा कर दी।

इस धोखाधड़ी के मामले में पुलिस ने कहा कि महिला को अपने साथ ठगी की जानकारी तब हुई, जब वह किसी काम के चलते 11 अप्रैल को बैंक गई थी। बैंक में ही महिला को बताया गया कि उसके बैंक खाते से कई लेन-देन किए गए। इनमें करीब 4.70 लाख रुपये की धनराशि ट्रांसफर की गई है। अपने साथ धोखाधड़ी की जानकारी होने के बाद बुजुर्ग महिला ने जुहू पुलिस से संपर्क किया था।