मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। जहां एक महिला अपने पति के साथ बाजार गई थी तभी कुछ अज्ञात बदमाशों ने उसके साथ छेड़खानी कर दी। जब उसने विरोध किया तो बदमाशों ने उसके चेहरे पर ब्लेड से हमला कर दिया, जिसके चलते उसे 118 टांके लगे हैं। इस घटना के बाद सीएम शिवराज सिंह चौहान भी पीड़िता से मिलने पहुंचे।
मिली जानकारी के मुताबिक, घटना 9 जून को टीटी नगर इलाके में घटी थी। पीड़िता, एक डॉक्टर के यहां हेल्पर का काम करती है। घटना के दिन महिला अपने पति के साथ किसी काम से बाजार गई थी। जब महिला का पति पानी लेने दुकान पर गया तो बाइक के पास खड़ी महिला के पास कुछ बदमाश आ गए और ऊलजलूल हरकतों के साथ अभद्र टिप्पणियां करने लगे।
कुछ देर तक महिला ने बदमाशों के इस व्यवहार को नजरअंदाज किया, लेकिन जब बात हद से आगे चली गई तो महिला ने गुस्से में एक बदमाश को थप्पड़ मार दिया। इस पर महिला और बदमाशों के बीच कहासुनी हो गई। बीच सड़क पर हुए झगड़े को देखकर कई सारे लोग जमा हो गए, लेकिन थोड़ी देर बाद ही बदमाश भाग खड़े हुए।
इस घटना के बाद महिला अपने पति के साथ बाइक पर बाजार से बाहर की तरफ से निकली ही थी कि तभी पीछा कर रहे एक बदमाश ने पीछे से महिला के चेहरे पर ब्लेड से हमला कर दिया, जिससे महिला की आंख के ऊपर माथे से कान तक गहरा घाव हो गया। आनन-फानन में महिला को अस्पताल ले जाया गया, जहां उसके चेहरे पर 118 टांके लगे हैं। इस घटना में महिला की आंख भी जख्मी हुई है। महिला पर हमला करने वाला आरोपी अभी तक गिरफ्तार नहीं किया जा सका है।
घटना पर जानकारी देते हुए डीसीपी साई कृष्णा ने कहा है कि दो अज्ञात बदमाशों के खिलाफ धारा 324 के तहत मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा कि जांच जारी है और जल्द ही बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। हालांकि, कई मीडिया रिपोर्ट्स में महिला के पति द्वारा कहा गया है कि मामले में पुलिस लीपापोती कर रही है और गंभीर धाराओं में केस दर्ज नहीं किया गया है।