कुछ खबरों पर यकीन कर पाना मुश्किल होता है। ताजा मामला पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना का है। टीवी 9 की रिपोर्ट के अनुसार, यहां एक मां ने महंगा फोन खरीदने के लिए अपने 8 महीने के बच्चे को बेच दिया। जांच में पता चला कि वह iPhone से रील बनाना चाहती थी। वह मोबाइल लेकर रील बनाने के लिए ट्रेवल कर रही थी। फिलहाल पुलिस ने बच्चे को बरामद कर महिला को गिरफ्तार कर लिया है। लोगों को यकीन नहीं हो रहा है कि एक मां मोबाइल की खातिर अपने जिगर के टुकड़े का सौदा कर सकती है। वह उसे बेच सकती है। बच्चा सबसे अधिक सुरक्षित अपनी मां के पास रहता है मगर जब मां ही उसका सौदा करने लगे तो?
रिपोर्ट के अनुसार, आरोपी महिला और उसका पति पानीहाटी के रहने वाले हैं। उनकी आर्थिक हालत ठीक नहीं है। बड़ी मुश्किल से वे अपने लिए भोजन का इंतजाम करते हैं। लोगों ने जब उनके पास महंगा iPhone देखा तो हैरान रह गए। आरोपी महिला रील बनाने के लिए कई जगहों पर ट्रेवल कर रही थी। लोगों का शक और गहरा होता गया। लोगों ने नोटिस किया कि उनका बेटा कहीं दिखाई नहीं दे रहा है। पड़ोसियों ने कपल से उनके बच्चे के बारे में पूछा लेकिन उन्होंने साफ-साफ कुछ नहीं बताया।
पड़ोसियों के दबाव के बाद कपल ने बताया कि उन्होंने पैसों के लिए बेटे को बेच दिया। एक कपल ने बच्चे को खरीद लिया और इसके बदले उन्हें पैसे दिए। इसके बाद पुलिस ने बच्चे को खरदाह की रहने वाली एक महिला से छुड़ा लिया। पुलिस ने इस बारे में मीडिया को कई जानकारी नहीं दी। खरदाह थानेदार ने कहा कि आगे की जांच के बाद ही मामले की पूरी जानकारी सामने आ पाएगी।
ऐसे पकड़ में आई आरोपी मां
दरअसल, आरोपी महिला अपने पति और सास-ससुर के साथ पानीहाटी गांधीनगर में रहती है। उसका नाम साथी कनाई है। उसके पति का नाम जयदेव है। उनकी एक सात साल की बेटी और 8 महीने का बेटा है। शनिवार को आरोपी महिला का सास-ससुर के साथ किसी बात को लेकर विवाद हो गया। नौबत मारपीट तक जा पहुंची। जिसके बाद पुलिस ने महिला के सास-ससुर को गिरफ्तार कर लिया। इसी दौरान आस-पास के लोगों ने देखा कि महिला के हाथ में महंगा आईफोन है और बच्चा कहीं दिखाई नहीं दे रहा है। इसके बाद लोगों ने पुलिस को इस बारे में जानकारी दी। लोगों ने जोड़े पर नशीली दवाओं के दुरुपयोग करने का भी आरोप लगाया।
इस मामले में स्थानीय पार्षद तारक गुहा का कहना है कि बच्चे को बेचने के बाद आरोपी ने शनिवार आधी रात लड़की को भी बेचने की कोशिश की। लोगों को जैसे ही इस बात की भनक लगी उन्होंने पुलिस को सूचना दी। फिलहाल आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पार्षद ने आगे कहा कि पुलिस ने लापता बच्चे को ढूंढ लिया है। बच्चे को प्रियंका घोष ने खरीदा था। पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल पुलिस इस बात की जानकारी जुटा रही है कि बच्चे को गरीबी के कारण बेचा गया था या नहीं।