बिहार में एक नाबालिग लड़की को जिंदा जलाने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि पीड़िता एक महीने की गर्भवती थी। घटना बिहार के बेतिया जिले की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक पीड़िता को उसके प्रेमी ने ही आग में झोंका है। आग में झोंके जाने की वजह से पीड़िता 80 प्रतिशत तक जल चुकी है और उसका इलाज अस्पताल में चल रहा है।

इस पूरे मामले पर यहां की एसपी ने बताया कि ‘पीड़ित लड़की और लड़का दोनों के बीच प्रेम संबंध था। लड़की का कहना है कि वो एक महीने की प्रेग्नेट थी। इस पूरे मामले की जांच जारी है और आरोपी लड़के को पकड़ने के लिए टीम का गठन कर दिया गया है।’

लड़की को जलाने वाले उसके प्रेमी पर आरोप है कि वो शादी का झांसा देकर पिछले कई महीने से नाबालिग लड़की का यौन शोषण कर रहा था। गर्भवती होने के बाद लड़की ने युवक पर शादी का दबाव बनाना शुरू कर दिया था। इसी बात से नाराज युवक ने केरोसिन डालकर लड़की को जिंदा जला दिया।

कुछ मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक आरोपी लड़के ने लड़की के घर जाकर इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया और इसमें उसके कुछ साथी में शामिल थे। बहरहाल अब पुलिस इस मामले की गहन तफ्तीश में जुटी हुई है।

आपको बता दें कि हैदराबाद कांड के बाद पूरे देश में अलग-अलग जगहों से महिलाओं पर अत्याचार की खबरें सामने आई हैं। हाल ही में बिहार के ही मुजफ्फरपुर में एक बच्ची की दुष्कर्म के बाद हत्या कर दी गई थी। इससे पहले उत्तर प्रदेश के उन्नाव से भी एक ऐसी ही खबर आई थी। लगातार हो रही इन घटनाओं के बाद पूरे देश में महिला सुरक्षा को लेकर बहस तेज हो गई है। दिल्ली में इस मुद्दे पर सड़क पर प्रदर्शन भी हुए।

महिलाओं पर अत्याचार से जुड़े इस गंभीर मुद्दे को सड़क से लेकर संसद तक उठाया जा रहा है। सदन में इस मुद्दे पर बोलते हुए कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने यहां तक कह दिया है कि देश ‘मेक इन इंडिया’ से ‘रेप इन इंडिया’ की तरफ बढ़ता जा रहा है।