15 साल की नाबालिग लड़की को अगवा कर पहले उसके साथ गैंगरेप किया गया। इन बदमाशों ने उसे जमकर पीटा और फिर उसके शरीर को सिगरेट से दाग कर उसे असहनीय पीड़ा दी। बाद में एक 65 साल के बुजुर्ग ने भी 100 रुपए देकर उसे अपनी हवस का शिकार बनाया।
इस लड़की की दास्तान इतनी भयानक है कि विस्तृत रिपोर्ट पढ़कर आप दहल उठेंगे। दिल्ली महिला आयोग की टीम ने बवाना इलाके से इस लड़की को सेक्स रैकेट के चंगुल से बचाया है और उसने आयोग की टीम के सामने अपनी आपबीती सुनाई है।
लड़की ने बताया कि उसकी 12 साल की एक दोस्त ने उसे कुछ समय पहले एक महिला से मिलवाया था। इस महिला ने उसे बेहतर नौकरी और मोटी तनख्वाह का लालच दिया और एक फैक्ट्री में ले गई। इस फैक्ट्री में हर रोज अलग-अलग ग्राहक आते थे और उसके साथ रेप करते थे। वो महिला 300 रुपए में इस नाबालिग की जिस्म का सौदा करती थी।
बीते 5 सितंबर को फैक्ट्री में आए एक ग्राहक ने लड़की को अगवा कर लिया। इसके बाद इस ग्राहक और उसके कुछ दोस्तों ने मिलकर इस लड़की के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। गैंगरेप के बाद लड़की को बुरी तरह पीटा गया और सिगरेट से उसके बदन पर जगह-जगह दागा गया। लड़की किसी तरह इन हैवानों के चंगुल से निकली पाई। लेकिन इसके बाद बीते 10 सितंबर को 65 साल के एक बुजर्ग ने 100 रुपए देकर उसके साथ रेप किया।
इस लड़की के बारे में मिली जानकारी के मुताबिक उसके माता-पिता का निधन हो चुका है। लड़की यहां अपनी चाची के साथ रहती थी। हैरानी की बात है कि उसकी चाची को भी इस बात की जानकारी नहीं थी। लेकिन जब भतीजी के बारे में चाची को जानकारी मिली तब उन्होंने दिल्ली महिला आयोग से मिलकर उसे इस दलदल से निकालने की गुहार लगाई।
महिला आयोग की टीम ने लड़की को किसी तरह देह व्यापार के धंधे से बचाया और फिर दिल्ली पुलिस के पास भारतीय दंड संहिता की धारा 376/323/342/370A और पॉक्सो ऐक्ट के तहत एफआईआर दर्ज की गई। इस मामले की छानबीन में पता चला है कि जो महिला इस नाबालिग को फैक्ट्री में लेकर आई थी वो गरीब बच्चियों से देह व्यापार का धंधा कराती है।
इतना ही नहीं अंदेशा यह भी है कि यह महिला नाबालिग बच्चियों की तस्करी से जुड़ी हुई थी। अब इस पूरे मामले में पीड़ित लड़की को आश्रय गृह भेजा गया है। पुलिस इस मामले की छानबीन कर रही है और सभी आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। (और…CRIME NEWS)

