वरिष्ठ भाजपा नेता और केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह अक्सर अपने बयानों के चलते चर्चा में बने रहते हैं। अब एक बार फिर से उन्होंने अपनी ही पार्टी की गठबंधन वाली बिहार की नीतीश सरकार पर जमकर हमला बोला है। दो समुदायों के लोगों के बीच हुए संघर्ष की घटना को लेकर गिरिराज सिंह बिफर पड़े और उन्होंने जिला प्रशासन से पूछ डाला कि “बेगूसराय में हिंदू सुरक्षित नहीं रहा तो वह कहां जाएं?

बता दें कि, पिछले दिनों रजौड़ा में बच्चों के पानी पीने के विवाद में दो समुदायों के बीच हिंसक घटना हुई थी। वहीं होली की रात बरौनी इलाके में शराब नहीं देने के विवाद में तीन लोगों को चाकू मारकर घायल कर दिया गया था। जिसके बाद गिरिराज सिंह जनप्रतिनिधि होने के नाते इन घटनाओं में पीड़ित पक्ष से मिलने व घायलों का हालचाल लेने के लिए अस्पताल पहुंचे थे। यहीं पर केंद्रीय मंत्री व सांसद गिरिराज सिंह अधिकारियों से सवाल पूछ बैठे।

चाकूबाजी की घटना से पीड़ित परिवार से मिलने बरौनी पहुंचे मंत्री गिरिराज सिंह ने तेंघड़ा के डीएसपी और एसडीओ से पूछा कि- आप ही बताएं जब बरौनी और बेगूसराय में ही हिंदू सुरक्षित नहीं रहा तो वह जाएं तो कहां जाएं। साथ ही डीएसपी से कहा कि इस मामले में जितनी जल्दी हो सके आरोपियों को पकड़ कर उचित कार्रवाई की जाए। इसके अलावा मंत्री ने यह भी कहा कि यदि पुलिस मामले में लीपापोती करेगी तो वह जनता दरबार में जाएंगे।

गिरिराज सिंह ने पीड़ितों से मिलने के बाद पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि वह इस मामले में न्याय मिलने तक चुप नहीं बैठेंगे। गिरिराज सिंह ने कहा कि कट्टरवादी सोच वाले लोग देश के सद्भाव को बिगाड़ने की कोशिश कर रहे हैं। हमें वोट बैंक की राजनीति करने वाले नेताओं से खतरा है। केंद्रीय मंत्री ने बिहार सरकार से ऐसे मामले में कठोर कार्रवाई करने की मांग की और पीड़ितों को न्याय दिलाने का आश्वासन दिया।

इसके अलावा, केंद्रीय मंत्री ने मामले में राज्य के मुखिया नीतीश कुमार व जिला प्रशासन पर सबूतों के साथ छेड़छाड़ करने और एक वर्ग विशेष के पक्ष में काम करने का आरोप भी लगाया। हालांकि, अब भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) ने भड़काऊ भाषण के आरोप में केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह पर प्राथमिकी दर्ज कर गिरफ्तारी की मांग की है। साथ ही भाकपा ने आरोप लगाया है कि भाजपा व आरएसएस पूरे बिहार को नफरत व हिंसा की आग में झोंक देने की लगातार कोशिश कर रहे हैं।