मुंबई से दुबई जा रही एक फ्लाइट में 17 साल की लड़की के साथ छेड़खानी करने का मामला सामने आया है। इस मामले में पीड़िता की शिकायत के बाद कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 35 साल के युवक सुमन बाल को गिरफ्तार किया है। जानकारी के मुताबिक छेड़खानी की यह घटना कुछ दिनों पहले की है। बताया जा रहा है कि लड़की मुंबई से दुबई जा रही एक फ्लाइट में अपने रिश्तेदार के साथ सफर कर रही थी।
इस फ्लाइट में सुमन बाल लड़की की ठीक पीछे वाली सीट पर बैठा हुआ था। सफर के दौरान लड़की को सोया हुआ समझ सुमन बाल उसे गलत तरीके से छूने लगे। युवक की इस हरकत से लड़की चौक गई और उसकी नींद भी खुल गई। इस घटना के बाद लड़की बुरी तरह डर गई और डर के मारे उसने यह बात उस वक्त किसी को नहीं बताई। दुबई पहुंचने के बाद पीड़ित लड़की ने इस घटना के बारे में अपने रिश्तेदारों को बताया। लड़की की बात सुन घरवालों ने थाने में शिकायत दर्ज कराने का फैसला किया।
कुछ दिनों पहले ही यह लड़की मुंबई लौटी। मुंबई लौटते ही उसने अपने रिश्तेदार के साथ थाने में जाकर इस मामले में एफआईआर दर्ज कराया। ‘मुंबई मिरर’ में छपी रिपोर्ट के मुताबिक एफआईआर दर्ज होने के बाद पुलिस ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए इसकी जांच शुरू कर दी। सीट नंबर और बोर्डिंग डिटेल के जरिए पुलिस आरोपी युवक तक पहुंच गई और उसे बीते रविवार (07 जुलाई, 2019) को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने युवक के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। जानकारी के मुताबिक आरोपी सुमन एक निजी कंपनी में कार्यरत है। फिलहाल पुलिस अब इस मामले की और तफ्तीश कर कानून के मुताबिक कार्रवाई में जुटी है।
बता दें कि साल 2018 में मई के महीने में भी एक ऐसी ही घटना सामने आई थी। उस वक्त एक भारतीय महिला ने रूस के एक शख्स पर विमान के अंदर गंदी हरकत करने का आरोप लगाया था। महिला ने पुलिस को बताया था कि यह शख्स उनकी बगल की सीट पर बैठा था और जैसे ही विमान ने इस्तानबुल से उड़ान भरी यह शख्स उनके सामने ही हस्तमैथुन करना लगा था। महिला की शिकायत के बाद पुलिस ने दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे से इस NRI शख्स को गिरफ्तार कर लिया था। (और…CRIME NEWS)

