कई सारे लोग मैट्रीमोनियल साइट के जरिए अपने लिए जीवन साथी की तलाश करते हैं। लेकिन ऐसा भी कई बार हुआ है जब लोग इन साइटों की वजह से धोखे का शिकार हुए हैं। दिल्ली से भी अब एक ऐसा ही मामला सामने आया है। यहां क्राइम ब्रांच की एक टीम ने धोखा देकर एक युवती से 15 लाख रुपए ठगने के आरोप में एक महिला समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरप्तार किए गए लोगों में एक नाइजीरियाई शख्स भी शामिल है।
जानकारी के मुताबिक 26 साल की युवती की नजदीकी मैट्रीमोनियल साइट पर एक युवक से बढ़ी। दरअसल 20 दिसंबर, 2018 को इस महिला के पास भारत मैट्रीमोनियल वेबसाइट से डॉक्टर नील सीड कुमार नाम के व्यक्ति का आमंत्रण आया था। इसी दिन बातचीत के दौरान नील ने उन्हें व्हाट्स एप नंबर और ईमेल एड्रेस दिया। इसके बाद दोनों में बातचीत और मैसेज का आदान-प्रदान होने लगा। नील ने इस महिला से कहा कि वो उसे एक महंगा गिफ्ट दे रहा है जिसकी कस्टम ड्यूटी उन्हें अदा करनी होगी।
कस्टम ड्यूटी अदा करने के नाम पर युवती से 15 लाख रुपए लिए गए और फिर उससे बातचीत बंद कर दी गई। दिल्ली की रहने वाली पीड़ित युवती ने इसके बाद 4 जुलाई को क्राइम ब्रांच की साइबर सेल में मैट्रीमोनियल वेबसाइट के खिलाफ केस दर्ज कराया था। शिकायत दर्ज होते ही क्राइम ब्रांच की टीम इस पूरे मामले की गहन छानबीन में जुट गई। टीम ने साइट पर दिए गए डिटेल की जानकारी इकठ्ठा करने के लिए तकनीकी जांच का सहारा लिया और उसे कामयाबी भी मिली।
पुलिस ने इस मामले में जिन लोगों को पकड़ा है उनमें नाइजीरिया का रहने वाला एक शख्स स्मार्ट उर्फ एंड्रियू, उसकी महिला दोस्त संगीता और इनका एक जानकार बलराम शामिल है। पुलिस ने इनके पास से 7 मोबाइल फोन, 11 सिमकार्ड और एक लैपटॉप बरामद किया है।
खुलासा हुआ है कि एंड्रयू अगस्त 2012 में बिजनेस वीजा पर भारत आया था और वीजा अवधि खत्म होने के बाद भी दिल्ली में रह रहा था। वो महिलाओं को मैट्रीमोनियल साइट पर शादी का झांसा देकर उनसे ठगी करता था। ठगी की रकम वह स्थानीय लोगों के अकाउंट नंबर लेकर उसमें डाल देता था। इसके एवज में वो उन लोगों को 5 से 7 प्रतिशत रकम देता था। महिला संगीता झारखंड की रहने वाली है और बलराम से उसकी मुलाकात फेसबुक पर हुई थी। एंड्रयू अक्सर संगीता और बलराम के अकाउंट में पैसे डालता था और यह दोनों अपना अकाउंट 10 हजार में उसे बेच देते थे।
अब क्राइम ब्रांच की टीम पकड़े गए लोगों से पूछताछ कर इस बात की जानकारी जुटा रही है कि क्या इन सभी ने मिलकर पहले भी किसी युवती को ठगी का शिकार बनाया है। (और…CRIME NEWS)

