Coronavirus, (Covid-19) India Lockdown: कोरोना वायरस संक्रमण को देखते हुए देश भर में लॉकडाउन किया गया है। इस बीच बिहार की राजधानी पटना से हैरान करने वाली खबर आई है। यहां एक शख्स पर अपनी पहली पत्नी के रहते हुए प्रेमिका से शादी करने का आरोप लगा है। घटना के बारे में विभिन्न मीडिया रिपोर्ट्स में बताया जा रहा है कि दुल्हिन बाजार के भरतपुरा के रहने वाले धीरज कुमार की पत्नी कुछ दिनों पहले अपने मायके गई थीं।

इसी दौरान देश में लॉकडाउन होने की वजह से वो मायके में ही रह रही थीं। धीरज ने कुछ दिनों पहले अपनी पत्नी को फोन कर ससुराल आने के लिए कहा था। लेकिन लॉकडाउन की वजह से उसकी पत्नी ने ससुराल वापस आने में अपनी असमर्थता जता दी। इस बात से नाराज धीरज ने अब अपनी प्रेमिका से शादी रचा ली है।

बताया जा रहा है कि धीरज ने रघुनाथपुर में अपनी प्रेमिका से शादी रचाई है। इधऱ इस बात की खबर होते ही धीरज की पहली पत्नी गुड़िया देवी अपने परिजनों के साथ ससुराल पहुंच गई। महिला के ससुराल पहुंचने के बाद यहां जमकर हंगामा हुआ। यह भी कहा जा रहा है कि ससुराल और मायके पक्ष के बीच मारपीट भी हुई है।

बहरहाल इस मामले में गुड़िया ने अपने पति और ससुराल वालों के खिलाफ केस दर्ज कराया है। गुड़िया ने पति और अपने ससुर पर दहेज उत्पीड़न का केस भी दर्ज कराया है।बताया जा रहा है कि इनका 10 साल का एक बेटा भी है। अब इस मामले में केस दर्ज होने के बाद पुलिस आगे की जांच कर रही है।

आपको बता दें कि लॉकडाउन होने की वजह से किसी भी नागरिक को बेवजह घर से निकलने की इजाजत नहीं है। लॉकडाउन के दौरान सिर्फ जरुरी सेवाओं को ही चालू रखा गया है। पुलिस-प्रशासन को निर्देश दिये गये हैं कि लॉकडाउन का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। बिहार में भी अब तक कोरोना वायरस से संक्रमित कई मरीज सामने आ चुके हैं।