Coronavirus, Covid-19 India Lockdown: लॉकडाउन में पूरा देश कोरोना वायरस जैसे गंभीर संक्रमण से लड़ रहा है। अस्पताल में चिकित्सक और सड़कों पर पुलिस बिना अपनी परवाह किये हुए आम जनता को बचाने में जी-जान से जुटी हुई है। इस बेहद ही मुश्किल घड़ी में एक युवक ने पुलिस के साथ मसखरी करने की कोशिश की। लेकिन पुलिस वालों ने इस युवक को खूब सबक सिखाया। मामला उत्तर प्रदेश के रामपुर का है। यहां एक युवक ने पुलिस कंट्रोल रूम में फोन कर समोसा की डिमांड कर दी। यहां बता दें कि आपात स्थिति से निपटने के लिए इस वक्त पुलिस को चौबीसों घंटे मुस्तैद रहने के लिए कहा गया है।
कंट्रोल रूम में बने पुलिस हेल्पलाइन के जरिए पुलिस जरुरतमंदों तक पहुंच रही है और उन्हें सुरक्षा प्रदान कर रही है। ऐसे में इस कंट्रोल रूम के हेल्पलाइन नंबर पर समोसा की डिमांड आने से पहले तो पुलिस भी चौंक गई।
हालांकि पुलिस यह समझ गई कि किसी ने ऐसा कर इन गंभीर हालातों में पुलिस के साथ मजाक करने की कोशिश की है। कंट्रोल रूम में आए फोन को ट्रेस कर जल्दी ही पुलिस उस युवक तक पहुंच गई।
पुलिस ने इस युवक को ऐसा मजाक करने के लिए सजा भी दी। सजा के तौर पर इस युवक ने नाली साफ कराया गया। युवक द्वारा नाली साफ कराए जाने का एक वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में नजर आ रहा है कि यह युवक सड़क पर नाली से कचरा निकाल रहा है।
इस पूरे मामले पर रामपुर के जिलाधिकारी औनजन्या कुमार सिंह ने कहा कि ‘जब से लॉकडाउन घोषित किया गया है तब से कुछ अधिकारी कंट्रोल रूम में रहकर उसे ऑपरेट कर रहे हैं। यह कंट्रोल रूम लोगों की सहायता के लिए है।
इसके जरिए जरुरतमंद लोगों को आवश्यक मदद पहुंचाई जा रही है। हालांकि इस बीच कुछ शरारती लोग इस जरुरी काम में बाधा पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं। जानबूझ कर इसका मजाक उड़ा रहे हैं। बार-बार फोन कर बेवजह कंट्रोल रूम में बैठे लोगों को परेशान कर रहे हैं।
ऐसे लोगों के खिलाफ अब एक्शन लिया जा रहा है। एक युवक ने कंट्रोल रूम में फोन कर समोसा मांगा। जब उसे मना किया गया तब उसने दोबारा फोन कर ऐसा किया। जिसके बाद उसे नाली साफ करने की सजा दी गई।’

