UP Crime News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ (Lucknow) के पॉश इलाके गोमतीनगर के विशाल खंड में भारतीय सेना (Indian Army) के मेजर अभिजीत सिंह की कार स्थानीय दबंगों ने आगे के हवाले (Set on fire) कर दिया। दबंगों ने उनके घर पर जमकर उत्पात भी मचाया। मेजर अभिजीत सिंह ने दबंगों को तेज आवाज में डीजे बजाने से रोकने की कोशिश की थी। इसी पर नाराज होकर दबंगों ने इस वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने FIR दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। इस मामले में पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
क्या है पूरा मामला, क्यों बुलानी पड़ी पुलिस
मेजर अभिजीत सिंह ने इसा बारे में कहा कि रविवार को उनके दो साल के बच्चे की तबीयत खराब थी। वह नजदीक के होटल मिलानो एंड कैफे (Hotel Milano and Cafe) में देर रात तक तेज आवाज में डीजे बजाए जाने से सो नहीं पा रहा था। इसलिए करीब साढ़े 11 बजे रात उन्होंने होटल जाकर डीजे बंद करने के लिए कहा। होटल वालों ने कुछ देर में डीजे बदं करने का भरोसा दिलाया। 12 बजे तक डीजे बंद नहीं होने पर मेजर सिंह ने डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस के आने पर डीजे बंद हो गया और उसके जाते ही दोबारा तेज आवाज में डीजे शुरू हो गया।
तेज आवाज में दोबारा शुरू हुआ DJ, फिर लड़ाई और आगजनी
मेजर अभिजीत सिंह ने इसके बाद गोमतीनगर थाना (Gomatinagar PS) को इस पूरे मामले की सूचना दी। पुलिस के पहुंचने के बाद दो लोग मेजर अभिजीत सिंह के घर आकर उनसे लड़ने लगे। पुलिस ने इस लड़ाई का वीडियो भी बनाया था। इसके बाद दोनों लोग लौटकर होटल गए और डीजे बंद हो गया। इसके बाद रात करीब तीन बजे तेज आवाज आने पर मेजर अभिजीत सिंह ने देखा की घर के बाहर उनकी कार धू-धू कर जल रही थी। इसके बाद सभी लोग घबरा गए। घर के लोग, पड़ोसी, पुलिस वाले और दमकलकर्मियों ने मिलकर आग को बुझाया।
Major की कार जलाने के पांच आरोपी गिरफ्तार
गोमतीनगर थाना के प्रभारी निरीक्षक दिनेश चंद्र मिश्रा ने बताया कि मेजर अभिजीत सिंह की शिकायत पर मुकदमा (FIR) दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस की पांच टीम बनाई गई। सोमवार दोपहर को पुलिस ने प्रतापगढ़ के मेदनीगंज निवासी शिवम प्रताप सिंह, ऋषभ सिंह और शुभम सिंह,जौनपुर के केराकत निवासी ऋषभ सिंह और रायबरेली के सलोन निवासी सौरभ श्रीवास्तव को गिरफ्तार किया। बाकी आरोपियों की तलाश की जा रही है।
अवैध होटल को LDA ने किया सील, मालिक पर भी कार्रवाई
दिनेश चंद्र मिश्रा ने बताया कि होटल के खिलाफ लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) को पत्र भेजा गया था। लखनऊ जोन-1 के प्रभारी अरुण कुमार सिंह ने बताया कि होटल मिलानो एंड कैफे अवैध है। मंगलवार को इस होटल को सील कर दिया गया। इसके मालिकों के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।