महाराष्ट्र में कोरोना का काफी कहर बरपा है। इस बीच पुणे में 14 साल के एक नाबालिग लड़के ने इसलिए सुसाइड कर लिया क्योंकि उसकी मां ने उसे मनपसंद कार्टून देखने की इजाजत नहीं दी। घटना के बारे में बुधवार (10-06-2020) को जानकारी देते हुए ACP ने बताया कि 14 साल के लड़के ने उस वक्त सुसाइड कर लिया जब उसकी मां ने उसे मनपसंद कार्टून शो नहीं देखने दिया। पुलिस ने बताया कि लड़का कार्टून देखना चाहता था और औऱ उसकी दादी न्यूज देखना चाहती थी।
दोनों अपने मुताबिक टेलीविजन चैनल देखना चाहते थे और लड़के की मां इस बात से परेशान हो गई थी। इसके बाद लड़के की मां ने परेशान होकर टीवी बंद कर दिया। जिसके बाद लड़के ने यह आत्मघाती कदम उठा लिया। मामले में अभी जांच की जा रही है। इस मामले में अभी एक्सिडेन्टल डेथ का केस दर्ज किया गया है।
बताया जा रहा है कि लड़का यहां अपनी मां, बहन औऱ दादी के साथ रहता था। मां ने जब टेलीविजन बंद किया तब यह लड़का सीढ़ियों के जरिए छत पर चला गया। यहां उसने खुद को फांसी लगा ली। लड़के को सबसे पहले उसकी बहन ने झूलते हुए देखा जिसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया। लेकिन चिकित्सकों ने लड़के को मृत घोषित कर दिया।
बच्चे की मौत के बाद परिवार के सदस्य बेहद दुखी औऱ परेशान हैं। लड़का अभी 7वीं क्लास में पढ़ाई कर रहा था। जानकारी के मुताबिक बच्चे के माता-पिता छोटे लोक कलाकार हैं। मृतक बच्चे के रिश्तेदार ने कहा, सुबह से वह टीवी देख रहा था और हमने उसे बंद करने के लिए कई बार कहा, लेकिन उसने नहीं सुना। अंत में, उसकी मां ने टीवी स्विच ऑफ किया जिस पर वह घर की छत की तरफ चला गया।’
आपको बता दें कि पिछले महीने उत्तर प्रदेश के बलिया से भी एक ऐसी खबर सामने आई थी। यहां 16 साल की अपनी बेटी को जब मां ने फोन पर किसी से बातचीत करने के लिए डांटा तो लड़की ने नाराज होकर आत्महत्या कर ली थी।

